दो दिन में समाधान नहीं तो पीएचईडी कार्यालय का घेराव
Hanumangarh Water Crisis: हनुमानगढ़। टाउन के वार्ड 38, रूपनगर में लंबे समय से चली आ रही पेयजल किल्लत की समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज वार्डवासियों ने अब आंदोलन का रास्ता अपनाने का मन बना लिया है। अमजद खान के नेतृत्व में नागरिकों ने नगर परिषद आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की। वार्ड 38 निवासी तनवीर इलाही ने बताया कि क्षेत्र के लोग काफी समय से पानी की भारी किल्लत झेल रहे हैं। वार्डवासियों के संघर्ष के बाद सामुदायिक केंद्र में ट्यूबवेल तो लग गया, लेकिन पीएचईडी अधिकारियों की ओर से इसे गर्मी के मौसम में शुरू करने की बात कही जा रही है, जबकि सर्दी के मौसम में ही पानी का संकट गंभीर रूप ले चुका है। Hanumangarh News
पानी गंदा व खारा, मजबूरी में लोगों को वही पानी पीना पड़ रहा
उन्होंने बताया कि ट्यूबवेल से निकलने वाला पानी भी पीने योग्य नहीं है। पानी गंदा व खारा है, जो केवल कपड़े धोने के काम आता है। बावजूद इसके मजबूरी में लोगों को वही पानी पीना पड़ रहा है। खासकर रमजान के महीने में रोजेदारों को इससे काफी परेशानी हो रही है। महिलाओं को दूर-दराज क्षेत्रों से पानी भरकर लाना पड़ रहा है। अमजद खान ने बताया कि मस्जिद के पीछे रहने वाले लोग लंबे समय से इस समस्या से जूझ रहे हैं। वार्ड में सप्लाई होने वाला पानी भी पीने लायक नहीं है। क्षेत्र में लगे तीन हैंडपंपों की पूर्व में पीएचईडी की ओर से मरम्मत करवाई गई थी, लेकिन अब अधिकारियों का कहना है कि जलस्तर नीचे जाने के कारण पानी नहीं निकल रहा।
जब वार्डवासियों ने पीएचईडी के एईएन से नया हैंडपंप या बोरवेल लगाने की मांग की तो उन्होंने इसे नगर परिषद का दायित्व बताते हुए पल्ला झाड़ लिया। वहीं नगर परिषद आयुक्त ने भी समस्या जिला कलक्टर के समक्ष रखने की सलाह देकर जिम्मेदारी से किनारा कर लिया। वार्डवासियों का आरोप है कि जहां अधिकारी आरओ का फिल्टर पानी पी रहे हैं, वहीं रूपनगर के लोग घरेलू जरूरतों के लिए भी दूर स्थित रामदेव मंदिर के पास से पानी लाने को मजबूर हैं। अमजद खान ने चेतावनी दी कि यदि दो दिन के भीतर शुद्ध पेयजल की व्यवस्था नहीं की गई तो वार्डवासी पीएचईडी कार्यालय का घेराव करेंगे और आंदोलन को तेज किया जाएगा। Hanumangarh News















