कब्जा से 11 मोबाइल फोन, 40 सिम कार्ड, 43 एटीएम कार्ड, 15 पासबुक व सात चेक बुक बरामद
गुरुग्राम (सच कहूँ न्यूज़)। Gurugram News: विदेश में बैठकर साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराने व बैंक खातों का संचालन करने के तीन आरोपियों को पुलिस ने काबू किया है। आरोपी टॉस्क पूरा करने के नाम पर ठगी की वारदातों में शामिल आरोपियों के साथ मिलकर ठगी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शनिवार को बताया कि थाना साइबर अपराध पश्चिम गुरुग्राम में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
जानकारी के अननुसार एक जनवरी 2026 को एक व्यक्ति ने थाना साइबर अपराध पश्चिम में एक शिकायत दी गई। यह शिकायत टेलीग्राम ऐप के माध्यम से संपर्क करके टास्क पूरा करने के नाम पर धोखाधड़ी करके तीन लाख 13 हजार रुपयों की ठगी करने को लेकर थी। इस शिकायत पर थाना साइबर अपराध पश्चिम गुरुग्राम में केस दर्ज किया गया। थाना साइबर अपराध पश्चिम प्रबंधक निरीक्षक संदीप कुमार ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए इस मामले में तीन आरोपियों को जयपुर से काबू किया है। आरोपियों की पहचान सौरभ कुमार मीणा (उम्र-27 वर्ष) निवासी जयपुर, अभिषेक बिश्नोई (उम्र-20 वर्ष) निवासी फालोदी (राजस्थान) व लक्ष्मण लकी (उम्र-22 वर्ष) निवासी नागौर (राजस्थान) के रूप में हुई। Gurugram News
पुलिस पूछताछ में पता चला है कि आरोपी जोधपुर में मिले थे, जहां से उनकी जान पहचान हो गई। उसके बाद उन्होंने पैसों के लालच में साइबर ठगी की वारदातों में शामिल होने की योजना बनाई। आरोपी विदेश में बैठे साइबर ठगों के लिए काम करते थे। आरोपी विदेश में बैठे साइबर ठगों के लिए साइबर ठगी में प्रयोग होने वाले बैंक खाते खरीदते थे तथा उन बैंक खातों का संचालन करते थे। साइबर ठगी के माध्यम से प्राप्त राशि में से 30 प्रतिशत कमीशन रखकर बाकी राशि को विदेश में बैठे साइबर ठगों को भेज देते थे। पुलिस टीम द्वारा आरोपी के कब्जा से 11 मोबाइल फोन, 40 सिम कार्ड, 43 एटीएम कार्ड, 15 पासबुक व सात चेक बुक बरामद की गई है। पूछताछ के लिए आरोपी सौरभ को दो दिन के पुलिस हिरासत रिमाण्ड पर लिया गया है।
यह भी पढ़ें:– एसआईआर नोटिस निस्तारण हेतु मदरसा इशा-अतुल-इस्लाम में लगा कैंप















