हमसे जुड़े

Follow us

22.1 C
Chandigarh
Friday, February 6, 2026
More
    Home राज्य राजस्थान फिल्टर किए बग...

    फिल्टर किए बगैर ट्यूबवैल का खारा पानी सप्लाई करने से आक्रोशित हुए ग्रामीण

    Hanumangarh News
    फिल्टर किए बगैर ट्यूबवैल का खारा पानी सप्लाई करने से आक्रोशित हुए ग्रामीण

    वाटर वर्क्स में एकत्रित होकर की नारेबाजी, एईएन ने मौके पर पहुंच की समझाइश

    हनुमानगढ़। नहरी पानी की बजाए ट्यूबवैल का खारा पानी सप्लाई किए जाने से आक्रोशित गांव कोहला के वार्ड 29 के वाशिंदों ने शुक्रवार को गांव में बने वाटर वर्क्स में एकत्रित होकर पीएचईडी अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध-प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप था कि बिना फिल्टर किए ट्यूबवैल का पानी घरों में सप्लाई किया जा रहा है। इससे लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। काफी समय से डिग्गियों की सफाई नहीं हुई। डिग्गियों में मृत मछलियां पड़ी हैं। सूचना मिलने पर पीएचईडी अधिकारी मौके पर पहुंचे और फिल्टर करने के बाद गांव में स्वच्छ पानी की सप्लाई का आश्वासन दिया। Hanumangarh News

    इस पर आक्रोशित ग्रामीण शांत हुए। वाटर वर्क्स में एकत्रित ग्रामीण लीलाधर शर्मा, विजय स्वामी, श्यामलाल राबिया व नोपाराम नाथ ने कहा कि साफ पानी मिलना हमारा मौलिक अधिकार है। लेकिन जलदाय विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों की निष्क्रियता के कारण गांव के वाटर वर्क्स में बनी डिग्गियों में गंदगी भरी हुई है। न ही पर्याप्त मात्रा में पानी है। एक लाइन विशेष में तो नहर का पानी का सप्लाई किया जाता है। उसके लिए पानी रिजर्व रखा जाता है लेकिन शेष पूरे गांव में ट्यूबवैल का पानी बिना फिल्टर किए सप्लाई किया जाता है। जबकि ट्यूबवैल का पानी खारा, शोरायुक्त व पीने के योग्य नहीं है।

    पानी को पीने से ग्रामीणों में पेट की बीमारियां हो रही हैं

    इस पानी को पीने से ग्रामीणों में पेट की बीमारियां हो रही हैं। वाटर वर्क्स में लगे फिल्टर खराब पड़े हैं। ग्रामीणों ने इस समस्या से पीएचईडी के एईएन-जेईएन को अवगत करवाया लेकिन समस्या जस की तस है। जनप्रतिनिधि भी ध्यान नहीं दे रहे। डिग्गियों की सफाई नहीं करवाई जा रही। उन्होंने मांग की कि गांव में स्वच्छ व नहरी पानी की सप्लाई की जाए। अन्यथा ग्रामीणों को आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होना पड़ेगा। पीएचईडी टाउन के सहायक अभियंता अमित कुमार खीचड़ के अनुसार चूंकि नहरबंदी थी।

    इस कारण ट्यूबवैल का पानी मिक्स कर इस्तेमाल किया जा रहा था। चूंकि अब नहर का रेगुलेशन आ गया है। इसलिए अब ट्यूबवैल बंद कर दिया है। पूर्णतया फिल्टर कर पानी गांव में सप्लाई किया जाएगा। व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया है। उसमें पानी सप्लाई के संबंध में सूचना दी जाएगी। उन्होंने बताया कि डिग्गियों की सफाई करवाने के लिए टेंडर के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजे जाएंगे। प्रस्ताव पास होने के बाद डिग्गियों की सफाई करवा दी जाएगी। इस मौके पर भादरराम यादव, राजकुमार यादव, कृष्ण ज्याणी, सुरेंद्र वर्मा, पवन कुमार, रमेश शर्मा, अनुज सुथार, इंद्राज राबिया, श्यामलाल शर्मा सहित कई अन्य ग्रामीण मौजूद थे। Hanumangarh News

    Hanumangarh Town: मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित