पंजाब सरकार पूरे प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध: अरोड़ा
- नई सड़कों के निर्माण, सड़कों की मजबूती व अन्य बुनियादी ढांचागत परियोजनाओं का किया उद्घाटन
लौंगोवाल (सच कहूँ/हरपाल सिंह)। पंजाब के कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा (Cabinet Minister Aman Arora) ने रविवार को सुनाम विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों और शहरी इलाकों में लगभग 53 करोड़ 28 लाख रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों की शुरूआत कर क्षेत्रवासियों को बड़ा तोहफा दिया। इस अवसर पर मंत्री ने नई सड़कों के निर्माण, सड़कों की मजबूती और अन्य बुनियादी ढांचागत परियोजनाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि भगवंत सिंह मान के गतिशील नेतृत्व में पंजाब सरकार पूरे प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने हेतु बड़े स्तर पर प्रोजेक्ट शुरू किए जा रहे हैं। Longowal News
मंत्री अरोड़ा ने विकास कार्यों की शुरूआत सुनाम ऊधम सिंह वाला के गांव नमोल से की। यहां 90 लाख रुपये की लागत से कड़ाके वाली सड़क, 84 लाख से नमोल-भगवानपुरा रोड, 1.87 करोड़ से सूए के साथ सड़क, 77.2 लाख से बाबा रुखड़ दास डेरे के पास सड़क, 1.14 करोड़ से नई सड़क, 4 लाख से कब्रिस्तान कार्य तथा मिर्जा पट्टी में 45.41 लाख रुपये से स्टेडियम से खेतों तक मार्ग को पक्की सड़क में बदलने के कार्य शुरू करवाए गए। इसके बाद गांव सेरों में 1.38 करोड़ रुपये से नमोल-सेरों रोड, 70.38 लाख से संत अतर सिंह मार्ग, 85.5 लाख से शाहपुर वाली सड़क, 3 लाख से धर्मशाला कार्य और 5 लाख से मॉडल टाउन नंबर-2 के विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया। गांव शाहपुर कलां में श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित 50 लाख रुपये के कार्यों की आधारशिला रखी गई।
लौंगोवाल झाड़ों रोड स्थित पार्क में वार्ड नंबर 5, 6, 9, 11, 12 और 13 के विकास कार्यों के लिए 2.28 करोड़ रुपये तथा आठ गाँवों की पंचायतों को 40 लाख रुपये की ग्रांट के चेक वितरित किए गए। सरकारी स्वास्थ्य संस्था लौंगोवाल में 46 लाख रुपये की लागत से पार्क निर्माण का कार्य भी शुरू कराया गया। दुल्लट पट्टी में वार्ड नंबर 12, 13 और 14 में 2.22 करोड़ रुपये तथा जैद पट्टी में वार्ड नंबर 1, 3, 4, 8 और 15 में 6.73 करोड़ रुपये के विकास प्रोजेक्ट शुरू करवाए गए। गांव मंडेर खुर्द में 1.14 करोड़ 89.38 लाख रुपये की लागत से बनने वाली दो सड़कों की आधारशिला रखी गई और गांव बुग्गरा की पंचायत को 5 लाख रुपये की ग्रांट दी गई। उन्होंने कहा कि ये सभी परियोजनाएं क्षेत्र के लोगों को बेहतर सड़क सुविधाएं और सुदृढ़ आधारभूत ढांचा उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होंगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में और गुणवत्ता मानकों के अनुसार पूरे किए जाएं। Longowal News
यह भी पढ़ें:– Sirsa Crime News: सरसा में 2 कनाल जमीन के झगड़े में परिवार के बीच खून की होली, 2 की हत्या















