हमसे जुड़े

Follow us

26.3 C
Chandigarh
Tuesday, April 14, 2026
More

    Doctors’ Strike in Protest: डॉ. सोनदेव बंसल की गिरफ्तारी के विरोध में चिकित्सकों की हड़ताल

    Hanumangarh News

    Doctors’ Strike in Protest: हनुमानगढ़। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) से जुड़े चिकित्सक जयपुर स्थित एक निजी अस्पताल के निदेशक डॉ. सोनदेव बंसल की गिरफ्तारी के विरोध में मंगलवार को एकदिवसीय राज्यव्यापी हड़ताल पर चले गए। 14 अप्रैल सुबह 8 बजे से शुरू हुई यह हड़ताल 15 अप्रैल सुबह 8 बजे तक जारी रहेगी। हड़ताल के चलते जिले के सभी निजी चिकित्सा संस्थानों में सेवाएं पूर्णत: बंद रहीं। Hanumangarh News

    आरजीएचएस सेवाएं भी ठप, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

    इस दौरान आपातकालीन सेवाएं भी स्थगित रहीं। इसके अलावा राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम से जुड़ी समस्याओं के विरोध में राज्यभर के अस्पतालों में आरजीएचएस सेवाएं अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करने की घोषणा की गई है। इस संबंध में मंगलवार को मुख्यमंत्री के नाम जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की गई। आईएमए जिलाध्यक्ष डॉ. सुखवीर सिंह गेट के अनुसार, मेडिकल बोर्ड की ओर से किसी भी प्रकार की चिकित्सकीय लापरवाही नहीं पाए जाने के बावजूद आरजीएचएस से जुड़ी कथित अनियमितताओं के आधार पर जयपुर स्थिति निविक अस्पताल के निदेशक डॉ. सोनदेव बंसल की हाल ही में की गई गिरफ्तारी से चिकित्सक समुदाय में गहरा आक्रोश है। यह चिकित्सकीय पेशे की गरिमा और स्वायत्तता के विपरीत है। इससे चिकित्सकों के निष्पक्ष एवं निर्भीक कार्य निष्पादन पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है।

    डॉ. गेट ने कहा कि भुगतान में देरी, जटिल प्रक्रियाएं और दंडात्मक कार्रवाई जैसी समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं। आईएमए ने राज्य सरकार से मांग की कि डॉ. सोनदेव बंसल की तत्काल रिहाई सुनिश्चित की जाए। आरजीएचएस से जुड़ी समस्याओं का समाधान चिकित्सक प्रतिनिधियों के साथ समन्वय कर किया जाए। लंबित भुगतानों का शीघ्र निस्तारण किया जाए। आईएमए सचिव डॉ. अर्जुन राठौड़ ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में बेमियादी हड़ताल जैसे कठोर कदम उठाए जा सकते हैं। चिकित्सकों ने आमजन को होने वाली असुविधा पर खेद जताते हुए कहा कि यह निर्णय व्यापक हित में लिया गया है। Hanumangarh News