मुजफ्फरनगर (सच कहूँ न्यूज़)। Muzaffarnagar News: जनपद के खतौली थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न, मारपीट और गर्भपात कराने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने ससुराल पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपा है। पीड़िता खुशी पंवार ने बताया कि उसका विवाह 8 जनवरी 2022 को शुभम उर्फ बंटी पुत्र सुशील निवासी आर्यपुरी भूड़ गंगधारी, खतौली के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। विवाह में उसके परिजनों द्वारा करीब चार लाख रुपये दहेज दिया गया था। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा।
पीड़िता का कहना है कि पति, सास, ससुर और देवर द्वारा उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा। 21 मार्च और 8 अप्रैल 2026 को भी उसके साथ मारपीट की गई, जिस पर उसने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि 11 अप्रैल 2026 को ससुराल पक्ष के लोगों ने मिलकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे उपचार के लिए पहले खतौली और बाद में जिला अस्पताल मुजफ्फरनगर में भर्ती कराया गया। पीड़िता के अनुसार, इस घटना के चलते उसका गर्भपात हो गया। Muzaffarnagar News
पीड़िता ने महिला हेल्पलाइन 1090 पर भी शिकायत दर्ज कराई है और अब पुलिस से सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें:– Rajasthan Police Foundation Day: 268 को मिले सर्वोत्तम सेवा चिह्न, अति उत्तम सेवा चिह्न और उत्तम सेवा चिह्न















