सीबीएसई बोर्ड की 10वीं की परीक्षा में विद्यालय में प्रथम व जनपद शामली में हासिल किया द्वितीय स्थान, विद्यालय में रिहान दूसरे व पलक बैंसला तीसरे स्थान पर रहे
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: कस्बे के झाड़खेड़ी रोड पर स्थित क्षेत्र के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान द न्यू हाइट्स एकेडमी ने एक बार फिर शैक्षिक उत्कृष्टता का परचम लहराते हुए कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणामों में ऐतिहासिक सफलता दर्ज की है। विद्यालय के विद्यार्थियों ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन के बल पर उत्कृष्ट अंक प्राप्त करके न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। इस वर्ष के परीक्षा परिणामों में अमरीन सैफी ने 97 फीसदी अंक प्राप्त करके जनपद शामली में दूसरा तथा विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया है। रिहान ने 95 फीसदी अंकों के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि पलक बैंसला ने 94 प्रतिशत अंक अर्जित करके तृतीय स्थान हासिल किया। Kairana News

वहीं, अंशी चौहान चतुर्थ और शादान उस्मानी पांचवे स्थान पर रहे। इन होनहार विद्यार्थियों की सफलता ने विद्यालय के गौरव में चार चाँद लगा दिए हैं। विद्यालय प्रबंधक इमरान सिद्दीकी ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों की निष्ठा और अभिभावकों के सतत सहयोग का परिणाम है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और आगे भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। वहीं, प्रधानाचार्य विवेक कुमार उपाध्याय ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि अमरीन सैफी का जिला स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त करना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है और यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। इस अभूतपूर्व सफलता से विद्यालय परिवार व क्षेत्र में हर्ष और उत्साह का वातावरण व्याप्त है। विद्यालय परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। Kairana News
यह भी पढ़ें:– Bikaner Railway Division: बीकानेर रेल मंडल पर मनाई बाबा साहेब की 135 वीं जयन्ती















