रामराज (सच कहूँ/कोमल प्रजापति)। Ramraj News: विद्युत विभाग की चेकिंग टीम पर हमला, मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यह घटना गुरुवार को दोपहर करीब 2:10 बजे थाना रामराज क्षेत्र के ग्राम पुटठी इब्राहिमपुर में हुई, जहां विभाग द्वारा बिजली चोरी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था।
उपखण्ड अधिकारी मीरापुर कृष्ण मोहन कुमार के नेतृत्व में अवर अभियंता रामलाल सिंह सहित टीम के अन्य सदस्य बकायेदार उपभोक्ताओं की जांच कर रहे थे। जांच के दौरान केहर सिंह के विद्युत मीटर में गड़बड़ी का संदेह हुआ। जब टीम ने गहन जांच की, तो मीटर में छेड़छाड़ कर अवैध रूप से बिजली उपयोग किए जाने का मामला सामने आया। इस पर एसडीओ ने तत्काल मीटर उतरवाकर उसे सील कराया और नया मीटर स्थापित कर दिया। Ramraj News
आरोप है कि इसी दौरान गांव निवासी सरबजीत सिंह मौके पर पहुंच गया और टीम के साथ गाली-गलौज करते हुए सरकारी कार्य में बाधा डालने लगा। स्थिति तब और बिगड़ गई जब आरोपी ने संविदाकर्मी सुशील कुमार और सुमित कुमार के मोबाइल फोन छीन लिए और उनके साथ मारपीट की, जिससे दोनों को चोटें आईं।
इतना ही नहीं, आरोपी ने विभागीय मीटर को भी जबरन छीन लिया और मौके पर मौजूद महत्वपूर्ण दस्तावेजों को नष्ट कर दिया, जिससे विभाग को आर्थिक नुकसान हुआ। आरोपी ने टीम के सदस्यों को जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे मौके पर भय और तनाव का माहौल बन गया। हालात बिगड़ने पर टीम को अपनी जान बचाकर वहां से निकलना पड़ा। Ramraj News
मामले में आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
यह भी पढ़ें:– सेंट जेवियर्स वर्ल्ड स्कूल का शत-प्रतिशत रिजल्ट, मंशा बतूल टॉपर















