जंगलों को आग से बचाने, अवैध कटान व खनन पर रोक लगाने और वन्य जीवों की सुरक्षा के निर्देश
Chhachhrauli Forests inspected: छछरौली (सच कहूँ/राजेंद्र कुमार)। वन विभाग के उच्चाधिकारियों ने छछरौली के जंगलों और नर्सरियों का दो दिवसीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान जंगलों को आग से बचाने, अवैध कटान व खनन पर रोक लगाने और वन्य जीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए गए। अतिरिक्त प्रधान मुख्य वन संरक्षक पंचकूला डॉ. टीपी सिंह कलेसर रेंज मुख्यालय में पहुंचे व और वन अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ बैठक की। Chhachhrauli News
बैठक में जंगलों की सुरक्षा, अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण और वन्य जीव संरक्षण को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने डीएफओ टेरिटोरियल प्रशांत शर्मा, डीएफओ वन्य जीव प्राणी विभाग राजेश माथुर, कलेसर रेंजर राजीव कांबोज, छछरौली रेंजर बलजीत सिंह, कलेसर नेशनल पार्क इंचार्ज ज्योति राम व कर्मचारियों के साथ मीटिंग ली।
छछरौली कलेसर रेंज के जंगलों का निरीक्षण कर सीमावर्ती क्षेत्रों में हरियाणा-उत्तर प्रदेश हिमाचल प्रदेश की सीमाओं के स्पष्ट निर्धारण के लिए राजस्व विभाग के साथ समन्वय बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही रात्रि गश्त को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कलेसर स्थित रेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम भी किया।
अधिकारियों ने कलेसर रेंज के बोम्बेपुर, प्रतापनगर व छछरौली रेंज की छछरौली कोट नर्सरियों का निरीक्षण किया। नर्सरियों में तैयार पौधों के रख-रखाव और आगामी पौधारोपण तक उनकी उचित देखभाल सुनिश्चित करने के दिशा निर्देश दिए। इसके अलावा छछरौली के जाटांवाला जंगल में मिट्टी के बांध का भी निरीक्षण किया गया। वन्य जीवों के लिए पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु जल स्रोतों के संरक्षण और नए जल स्रोत विकसित करने के निर्देश दिए गए। Chhachhrauli News















