हमसे जुड़े

Follow us

40.1 C
Chandigarh
Wednesday, April 22, 2026
More
    Home राज्य दिल्ली/यूपी चारपाई पर सो ...

    चारपाई पर सो रहे वृद्ध की सिर कुचलकर निर्मम हत्या, मचा कोहराम

    Firozabad
    Firozabad चारपाई पर सो रहे वृद्ध की सिर कुचलकर निर्मम हत्या, मचा कोहराम

    फिरोजाबाद । थाना शिकोहाबाद क्षेत्र के गांव नगला सुंदर में चारपाई पर सो रहे करीब 75 वर्षीय बुजुर्ग किसान की सिर पर हमला कर निर्मम हत्या कर दी गई । सोमवार सुबह वृद्ध का खून से लथपथ शव मिलने पर परिवार और गांव में कोहराम मच गया । मृतक के बड़े बेटे ने हत्या के पीछे अपने छोटे भाई पर संदेह जताया है। बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों के बीच खेत के बंटवारे को लेकर विवाद भी चल रहा था । इधर बुजुर्ग की हत्या की सूचना पर पुलिस क्षेत्राधिकारी समेत दो थानों की पुलिस पहुंची। उच्चाधिकारियों को भी घटना की जानकारी दी गई। साथ ही फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंच कर साक्ष्य संकलन किया।

    जानकारी के अनुसार शिकोहाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सुंदर में सुघर सिंह 75 साल पुत्र स्व. लटूरी सिंह निवासी बढ़ाईपुरा थाना नसीरपुर के खेत है। दोनों गांव नजदीक ही है। सुघर सिंह हर रोज की तरह रविवार रात भी खेत पर बने कमरे के बाहर चारपाई पर सो रहे थे। बताया गया कि देर रात किसी समय अज्ञात हमलावर ने उनके सिर पर किसी भारी वस्तु से वार कर दिया। हमला इतना जबरदस्त था कि वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। इधर सोमवार सुबह जब मृतक का बड़ा बेटा मलखान सिंह कोठरी पर पहुंचे तो पिता का रक्तरंजित शव देख चीख निकल गई। उनके सिर से काफी खून बह चुका था। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जानकारी मिलते ही शिकोहाबाद थाना प्रभारी अनुज कुमार राणा तथा नसीरपुर थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह सोलंकी मय पुलिस के मौके पर पहुंचे। वहीं पुलिस क्षेत्राधिकारी अनिवेश कुमार भी घटना स्थल पर पहुंचे। शव को पीएम के लिए जिला अस्पताल फिरोजाबाद भिजवाया। इधर मृतक के बड़े बेटे मलखान सिंह ने बताया कि परिवार में काफी समय से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। सीओ अनिवेश कुमार ने बताया कि घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया और जानकारी हासिल की है। घटनास्थल से कुछ साक्ष्य भी जुटाए गए हैं। पुलिस मुकदमा दर्ज कर जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लेगी।