एएनएम पत्नी की हत्या का प्रयास, सिर में मारी कुल्हाड़ी

हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। विवाद के चलते कुछ समय से अलग रहे एक शख्स ने एएनएम के पद पर कार्यरत अपनी पत्नी पर जानलेवा हमला कर उसे गम्भीर रूप से घायल कर दिया। इस संबंध में जंक्शन पुलिस ने एएनएम के पर्चा बयान के आधार पर उसके पति व एक अन्य के खिलाफ हत्या प्रयास के आरोप में मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार जिला अस्पताल के ट्रोमा सेंटर में भर्ती मुकेश कुमारी (36) पत्नी राजेश कुमार कस्वां निवासी चनाना तहसील सिद्धमुख जिला चूरू ने पर्चा बयान देते हुए बताया कि वह एएनएम के पद पर शहरी डिस्पेंसरी जंक्शन में कार्यरत है। वह जंक्शन की श्याम सिंह कॉलोनी, वार्ड 14 में रहती है।

मारपीट करने का पूर्व में मुकदमा दर्ज करवा रखा है जो अदालत में विचाराधीन है

उसका लड़का रवि (12) भी साथ रहता है। उसका अपने पति राजेश के साथ करीब ढाई साल से विवाद चल रहा है। इस कारण उनका एक-दूसरे के पास आना-जाना नहीं है। उसका पति राजेश अपने गांव में रहता है। उसने अपने पति राजेश के खिलाफ मारपीट करने का पूर्व में मुकदमा दर्ज करवा रखा है जो अदालत में विचाराधीन है। इसलिए उसका पति राजेश उससे रंजिश रखता है। रविवार देर शाम करीब 7.30 बजे वह रसोई में खाना बना रही थी। उसका लड़का रवि घर के अन्दर बेड पर बैठा था। तभी मकान के बाहर वाला गेट खोल कर राजेश अन्दर आया व कमरे के पास खड़ा हो गया। उसने रसोई से कमरे में आकर गेट खोता तो इतने में राजेश ने जान से मारने के आशय से सिर में कुल्हाड़ी से चार-पांच जगह चोट मारी। बचाव करना चाहा तो दाएं हाथ की कलाई के पास चोट लगी।

कंधे के अलावा शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोट लगी। शोर मचाने पर मोहल्ले के काफी लोग आ गए तो राजेश उसे छोड़ कर वहां से अपने एक अन्य साथी जो घर के बाहर सड़क पर बाइक स्टार्ट कर खड़ा था, के साथ बाइक पर बैठ कर भाग गया। पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी है।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।