अहमदाबाद में कोरोना संक्रमण के आठ नए मामले

Coronavirus

गांधीनगर (एजेंसी)। गुजरात के अहमदाबाद में कोरोना वायरस (कोविड-19) के आठ नए मामले सामने आने के बाद राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या बुधवार को बढ़कर 82 हो गई है। राज्य की स्वास्थ्य सचिव सह आयुक्त जयंती रवि ने आज बताया कि राज्य में अब तक कुल 82 कोरोना पॉजिटिव मामले हैं जबकि 30 मार्च तक छह लोगों की इस महामारी से मौत हो चुकी है। अस्पताल में भर्ती 76 लोगों में से ठीक होने के बाद छह को छुट्टी दे दी गयी जबकि तीन वेन्टिलेटर पर हैं और 67 की हालत स्थिर है। संक्रमितों में से 33 लोगों ने विदेश और आठ ने देश में यात्रा की है जबकि 41 स्थानीय हैं। आज कोरोना से संक्रमित आठ नये मामले सामने आये हैं।

54 साल के एक पुरुष ने विदेश यात्रा की

नए आठ मामलों में सभी अहमदाबाद में हैं। जिनमें 54 साल के एक पुरुष ने विदेश यात्रा की है। 52 और क्रमश 68 साल के दो पुरुष, 18 वर्षीय एक किशोर, 45 साल की एक महिला ने देश में यात्रा की है तथा 65 और क्रमश 58 साल की दो महिलाएं और 67 साल का एक पुरुष स्थानीय हैं। अहमदाबाद में सर्वाधिक 31 मामले, सूरत और राजकोट में दस-दस, गांधीनगर में 11, वडोदरा में नौ, भावनगर में छह, गिर-सोमनाथ में दो तथा पोरबंदर, महेसाणा और कच्छ में एक-एक हैं। राज्य में 19 हजार 206 लोगों को क्वारन्टीन में रखा गया है। उसमें से 743 लोग सरकारी क्वारन्टीन में और 18 हजार 487 लोगों को घरों में और 253 लोगों को निजी क्वारन्टीन में रखा गया है।

  • पुलिस ने क्वारन्टीन के निदेर्शों का उल्लंघन करने वाले 418 लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किए हैं।
  • अब तक कुल 1586 लोगों के टेस्ट किए गये।
  • जिसमें 1501 नेगेटिव, 82 पॉजिटिव और तीन की रिपोर्ट आनी बाकी है।
  • राज्य में अब तक छह करोड़ 30 लाख 47 हजार 408 लोगों का सर्वे किया गया।
  • उनमें से 81 हजार 386 लोगों ने देश में तथा 18 हजार 423 लोगों ने विदेश में यात्रा की हैं।
  • विदेश से आए लोगों में 265 चिन्हित हैं।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।