रायपुर (एजेंसी)। Raipur Road Accident News: छत्तीसगढ़ में रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर शुक्रवार को बहुत ही दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। सिमगा के पास एक यात्री बस और ट्रेलर में भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर ही चार लोगों की मौत हो गई जबकि 30 से ज्यादा लोग घायल हो गए। एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। Raipur News
बिलासपुर से रायपुर की ओर जा रही आरबीएस कंपनी की एक बस शुक्रवार सुबह 11 बजे दरचुरा के पास सवारी उठाने के लिए धीमी हुई। उसी समय पीछे से आ रहे ट्रक के चालक ने तेज गति व लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर बस को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और इसमें बैठे 30 से ज्यादा लोग घायल हो गए।
हादसे के बाद घायलों को तुरंत पास के सीएचसी सिमगा में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। गंभीर रूप से घायल लोगों को रायपुर के बड़े अस्पताल में रेफर किया गया था। इस हादसे में चार लोगों की मौके पर और एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। इनमें एक पुरुष और तीन महिलाएं शामिल थीं। साथ ही, एक बच्ची भी इस हादसे की चपेट में आ गई। अब तक हादसे में मृतकों की कुल संख्या पांच बताई जा रही है।
मृतकों में बेमेतरा निवासी दशरथ साहू (80), बेमेतरा निवासी त्रिवेणी साहू (62), बेतर निवासी राधिका निर्मलकर (24), खुशी साहू (02) और एक 18 वर्षीय युवती शामिल है। हादसे की वजह ट्रक चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही बताई जा रही है। हालांकि हादसे के पीछे की असली वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। Raipur News















