दिल्ली-पंजाब की तरह हरियाणा में भी दी जाएगी फ्री बिजली: सुशील गुप्ता

Kaithal News
आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद सुशील गुप्ता ने जनकपुरी कॉलोनी स्थित भगत सिंह मार्केट में कार्यकर्ताओं की बैठक ली।

कहा: हर गांव में खुलेंगे मोहल्ला क्लीनिक, 8 जून को जींद में तिरंगा यात्रा

कैथल (सच कहूँ न्यूज)। आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) के प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद सुशील गुप्ता ने जनकपुरी कॉलोनी स्थित भगत सिंह मार्केट में कार्यकर्ताओं की बैठक ली। बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेशाध्यक्ष सुशील गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान 8 जून को जींद में तिरंगा यात्रा करेंगे। जींद आपकी विधानसभा से दूर नहीं है इसलिए सभी कार्यकर्ता तिरंगा यात्रा में ज्यादा से ज्यादा शामिल होकर उसे सफल बनाएं। जींद में होने वाली तिरंगा यात्रा को लेकर उन्होंने कार्यकर्ताओं की ड्यूटी भी लगाई।

इसके बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि हरियाणा (Haryana) में भ्रष्टद्दाचार, अपराध, शिक्षा व्यवस्था का बुरा हाल है। इसी व्यवस्था को बदलने के लिए आम आदमी पार्टी विधानसभा व लोकसभा चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद दिल्ली व पंजाब की तरह हरियाणा में भी फ्री बिजली दी जाएगी। हर गांव में मोहल्ला क्नीनिक खोले जाएंगे। स्कूलों में शिक्षा के स्तर को सुधारा जाएगा।

अगर किसान (Farmer) की फसल खराब होती है तो फसल कटने से पूर्व ही किसान को उनकी फसल का मुआवजा दिया जाएगा। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि अरविंद केजरीवाल व भगवंत मान जाति धर्म की राजनीति छोड़कर काम करने की व्यवस्था की राजनीति करते हैं। उन्होंने पहलवानों पर हो रहे अत्याचारों की निंदा की है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का संगठन अब मजबूती से काम कर रहा है। आने वाले दिनों में अब राज्य में आम आदमी पार्टी ही दिखेगी और पार्टियां बहुत कम दिखेगी। पंजाब हरियाणा के पानी बटवारे पर बोलते हुए गुप्ता ने कहा कि यह बंटवारा करना मुख्यमंत्री का काम नहीं बल्कि प्रधानमंत्री काम है। जिलाध्यक्ष सरदार गज्जन सिंह, जिला सचिव कुलभूषण शर्मा, सुखवीर सिंह चहल, मा. सतबीर गोयत, सुमित हिन्दुस्तानी, राजबीर सिंह, अमरीक सिंह, महेन्द्र राणा, हरदीप राठी, मीना सैनी, सोनिया शर्मा आदि भी उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें:–इनकम का कोई सोर्स नहीं, फैमिली आईडी में इनकम 2.50 लाख