हमसे जुड़े

Follow us

32 C
Chandigarh
Saturday, March 14, 2026
More
    Home राज्य पंजाब संगरूर के खंड...

    संगरूर के खंडहर बने क्वार्टर नशेड़ियों की पनाहगाह

    Sangrur News
    Sangrur News: संगरूर के रणबीर क्लब रोड पर स्थित 21 से 26 नंबर वाले सरकारी क्वार्टर अब खंडहर बन चुके हैं

    पास ही मौजूद हैं जिले के उच्च अधिकारियों के क्वार्टर, नगर परिषद भी डाल रही कूड़ा

    संगरूर (सच कहूँ/गुरप्रीत सिंह)। Sangrur News: संगरूर के रणबीर क्लब रोड पर स्थित 21 से 26 नंबर वाले सरकारी क्वार्टर अब खंडहर बन चुके हैं और नशेड़ियों का अड्डा बन गए हैं। दिन हो या रात, यहाँ नशेड़ी बैठकर नशा करते हैं और अन्य असामाजिक तत्व भी यहाँ जमा होते रहते हैं। इसके अलावा नगर परिषद ने भी इन क्वार्टरों को कूड़े के ढेर में बदल दिया है। यहाँ न केवल कूड़ा डाला जा रहा है, बल्कि परिषद ने अपने कबाड़ वाहनों को भी यहाँ खड़ा करना शुरू कर दिया है। वार्ड काउंसलर ने इस जगह पर एक सुंदर पार्क और ओपन जिम बनाने की मांग की है। इलाके के निवासी मदन मोहन, पुनीत सिंगला, गुरदीप सिंह और मालविंदर सिंह ने बताया कि नशेड़ी अक्सर इन जर्जर क्वार्टरों में इकट्ठा होते हैं और असामाजिक तत्व इन्हें पनाहगाह के रूप में इस्तेमाल करते हैं।

    स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पिछले वर्ष यहाँ एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इन क्वार्टरों के पास ही उच्च अधिकारियों के सरकारी आवास भी मौजूद हैं। यहाँ एडीसी, एसडीएम समेत कई सरकारी कर्मचारियों और डॉक्टरों के घर भी स्थित हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोक निर्माण विभाग (बी एंड आर) के कार्यकारी इंजीनियर ने भी डीसी संगरूर को लिखे एक पत्र में कहा है कि ये क्वार्टर बहुत ही जर्जर हालत में हैं और इनके कारण कोई बड़ा हादसा हो सकता है। यहां रहने वाले नशेड़ी और असामाजिक तत्व जन सुरक्षा के लिए खतरा बन सकते हैं और चोरी, छीना-झपटी जैसी घटनाएं भी हो सकती हैं। Sangrur News

    इसलिए इन क्वार्टरों को जल्द से जल्द गिराया जाना चाहिए। नगर परिषद भी इस जगह का सही उपयोग नहीं कर रही है। परिषद यहाँ कूड़ा फेंकने और छोड़े गए वाहनों व ट्रालियों को पार्क करने के लिए इसका इस्तेमाल कर रही है। इससे इलाके में गंदगी और बदबू फैल रही है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी होती है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी खराब हो जाती है। पास ही एक सब्जी मंडी भी है, जहाँ से बड़ी मात्रा में कूड़ा यहाँ फेंका जाता है, जिससे लोगों का आना-जाना मुश्किल हो जाता है। वार्ड काउंसलर आशा रानी ने इस मुद्दे को गंभीरता से उठाते हुए मांग की है कि जर्जर क्वार्टरों को तुरंत गिराया जाए और सामने मौजूद पार्क को इस जगह से जोड़कर लोगों के लिए एक सुंदर पार्क और ओपन जिम बनाया जाए।

    क्या कहते हैं डीसी

    इस संबंध में जब संगरूर के डिप्टी कमिश्नर राहुल चाबा से बात की गई तो उन्होंने कहा कि यह मामला उनके ध्यान में आया है। वे स्वयं मौके पर जाकर स्थिति का निरीक्षण करेंगे और उसके बाद इस संबंध में फैसला लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मामला गंभीर है और इस पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। Sangrur News

    यह भी पढ़ें:– Pi Day: कन्या कॉलेज में पाई-डे पर छात्राओं को गणित विषय पर समझाया