भारत के केन्द्रीय शिक्षा मंत्री ने ‘रूरल चेंज मेकर नेशनल अवॉर्ड’ से किया सम्मानित
- इससे पहले भी माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा उन्हें राष्ट्रीय सम्मान से किया जा चुका है सम्मानित
नई दिल्ली (सच कहूँ न्यूज)। Rural Changemakers National Award: शिक्षा के क्षेत्र में अपने अध्यापन के माध्यम से बेहतरीन उपलब्धियाँ हासिल करने वाले नेशनल अवॉर्डी शिक्षक राजेन्द्र सिंह इन्सां को भारत के केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धमेन्द्र प्रधान द्वारा एक बार फिर राष्ट्रीय सम्मान से नवाजा गया है। New Delhi
अध्यापक राजेन्द्र सिंह इन्सां को यह सम्मान हयात रीजेंसी में आयोजित एक विशेष समारोह के दौरान प्रदान किया गया। इस अवसर पर उन्हें राष्ट्रीय अवॉर्ड प्रमाण पत्र, शील्ड के साथ-साथ पुरस्कार स्वरूप एप्पल आईफोन 16 भी प्रदान किया गया। अध्यापक राजेन्द्र सिंह इन्सां पंजाब के बठिंडा जिले में एक्टिविटी बेस्ड एजुकेशन के लिए जाने जाते हैं।
अपने 20 वर्षों के शिक्षण सफर के दौरान उन्होंने जर्जर हालत वाले स्कूलों को न केवल रूप-रंग के लिहाज से स्मार्ट बनाया, बल्कि खेल आधारित शिक्षण विधियों के माध्यम से गतिविधि आधारित शिक्षा को बढ़ावा देकर पढ़ाई को आसान और रोचक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनकी इसी उपलब्धि के कारण इससे पहले भी भारत की माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा शिक्षक दिवस के अवसर पर उन्हें राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है। अध्यापक होने के साथ-साथ राजेन्द्र सिंह इन्सां एक प्रेरणादायक व्यक्तित्व भी हैं, जिन्होंने अपने प्रयासों से बिना किसी सरकारी अनुदान के भी जर्जर स्कूलों को स्मार्ट स्वरूप प्रदान किया है। उनका वर्तमान स्कूल पूरे पंजाब में एक अनोखी मिसाल है, जहाँ आसपास के 15 गाँवों से विद्यार्थी वैन में बैठकर पढ़ाई करने के लिए आते हैं।
पूज्य गुरु जी की पावन शिक्षा से मिली हिम्मत: मा. राजेन्द्र इन्सां | New Delhi
अध्यापक राजेन्द्र सिंह इन्सां ने इस अवॉर्ड का श्रेय पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां को दिया। इस संबंधी बातचीत करते हुए उन्होंने बताया कि उन्हें यह अवॉर्ड पूज्य गुरु जी की पावन शिक्षाओं के कारण ही प्राप्त हुआ है, क्योंकि ऐसी प्रेरणादायक शिक्षा उन्हें पूज्य गुरु जी से ही मिली है। उन्होंने कहा कि अवॉर्ड योग्य कार्य करने का हौसला भी उन्हें पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां से ही मिला है।















