लता दीदी हमें छोडकर चली गई, पीएम जाएंगे मुम्बई, करेंगे लता जी के अंतिम दर्शन

Lata Mangeshkar

मोदी ने लता मंगेशकर के निधन पर जताया शोक

नई दिल्ली (सच कहूँ न्यूज)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वर सामग्री लता मंगेशकर को लता दीदी कहते हुए उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है और कहा है कि लता के निधन से देश में जो रिक्ति उत्पन्न हुई है वह अपूरणीय है। ट्विटर पर अपने शोक संदेश में मोदी ने कहा, “मैं अपने दुख की शब्दों से अभिव्यक्ति नहीं कर सकता। दया और ममतामई लता दीदी हमें छोड़ कर चली गई हैं। उन्होंने हमारे देश में जो रिक्ति पैदा की है, उसे भरा नहीं जा सकता। आने वाली पीढ़ियां उन्हें भारतीय संस्कृति की एक महान हस्ती के रूप में याद करेंगी।

उनके स्वर में लोगों पर जादू करने का जो प्रभाव था, वह अद्वितीय है।”प्रधानमंत्री मोदी ने ट्विटर पर लता मंगेशकर को कुछ पुष्प गुच्छ प्रस्तुत करते हुए अभिवादन की मुद्रा में अपनी एक फोटो भी शेयर की है। उन्होंने कहा कि मुझे लता दीदी से हमेशा ही बहुत अधिक स्नेह है प्राप्त हुआ, जो मेरे लिए गौरव की बात है। मेरी उनके साथ जो बातें हुई हैं, वह मैं कभी भूल नहीं सकता। मैं उनके निधन पर भारत के लोगों के दुख के साथ मैं भी दुखी हूं ।मैंने उनकी उनके परिवार के लोगों से बातचीत की और उन्हें सांत्वना दिया ओम शांति ! वहीं प्रधानमंत्री मुम्बई जाएंगे और लता जी के अंतिम दर्शन करेंगे।

राजनाथ ने स्वर कोकिला लता के निधन पर शोक व्यक्त किया

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने स्वर साम्राज्ञी लता मंगेशकर के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि उनके निधन से भारत की आवाज खो गयी है। सिंह ने रविवार को एक ट्वीट संदेश में कहा , ‘स्वर कोकिला’ लता मंगेशकर जी के निधन से भारत की आवाज खो गई है। लताजी ने आजीवन स्वर और सुर की साधना की। उनके गाये हुए गीतों को भारत की कई पीढ़ियों को सुना और गुनगुनाया है। उनका निधन देश की कला और संस्कृति जगत की बहुत बड़ी क्षति है। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएँ। स्वर साम्राज्ञी एवं भारत रत्न लता मंगेशकर का रविवार सुबह आठ बजकर 12 मिनट में यहां ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हो गया। वह 92 वर्ष की थी। वह पिछले कुछ समय से बीमार चल रही थी।

राहुल-प्रियंका ने लता मंगेशकर के निधन पर जताया शोक

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी तथा पार्टी की उत्तर प्रदेश की प्रभारी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने स्वर सम्राज्ञी लता मंगेशकर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उनके निधन को देश के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। गांधी ने ट्वीट कर कहा, ‘लता मंगेशकर जी की निधन की दुखद खबर मिली। उनकी आवाज दशकों तक भारत की प्रिय आवाज रही है। उनकी सुरीली आवाज अमर है और उनके दीवानों के दिलों में बसी रहेगी और दशकों तक उन्हें रोमांचित करती रहेगी। मैं दुख की इस घड़ी में उनके परिवार के सदस्यों, मित्रों तथा उनके फैंस के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ।

श्रीमती वाड्रा ने कहा, ‘भारतीय संगीत की बगिया में सुरों को चुन-चुन कर सजाने वाली सुर साम्राज्ञी सुश्री लता मंगेशकर जी के निधन का दुखद समाचार मिला। उनके निधन से भारतीय कला जगत को एक अपूर्णीय क्षति हुई है। ईश्वर लता जी को श्री चरणों में स्थान दें और इस दु:ख की घड़ी में परिजनों को कष्ट सहने का साहस दें। अपने शोक संदेश के साथ श्रीमती वाड्रा ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के साथ लता मंगेशकर का युवावस्था का एक चित्र पोस्ट किया है जिसमें वह श्रीमती गांधी के साथ बातचीत कर रही है। गांधी ने भी उनका चित्र पोस्ट किया है जिनमें उनके जन्म और निधन की तारीख है।

अमित शाह ने लता मंगेशकर के निधन पर शोक व्यक्त किया

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रसिद्ध पार्श्वगायिका भारत रत्न सुश्री लता मंगेशकर के निधन पर शोक व्यक्त किया। शाह ने रविवार को सिलसिलेवार ट्वीट् कर कहा , ‘सुर व संगीत की पूरक लता दीदी ने अपनी सुर साधना व मंत्रमुग्ध कर देने वाली वाणी से न सिर्फ भारत बल्कि पूरे विश्व में हर पीढ़ी के जीवन को भारतीय संगीत की मिठास से सराबोर किया। संगीत जगत में उनके योगदान को शब्दों में पिरोना संभव नहीं है। उनका निधन मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। केन्द्रीय गृह मंत्री ने एक अन्य ट्वीट में कहा , ‘मैं खुद को सौभाग्यशाली समझता हूँ कि समय-समय पर मुझे लता दीदी का स्नेह और आशीर्वाद प्राप्त होता रहा। अपने अतुलनीय देशप्रेम, मधुर वाणी और सौम्यता से वो सदैव हमारे बीच रहेंगी। उनके परिजनों व असंख्य प्रशंसकों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूँ। ॐ शांति शांति

लता मंगेशकर का निधन संगीत के एक युग की समाप्ति : केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हिंदी फिल्मों के गीतों को अपनी आवाज से अमर करने वाली सुर साम्राज्ञी लता मंगेशकर के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा संगीत के एक युग की समाप्ति हो गई। केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, ‘भारत की स्वर कोकिला महान लता मंगेशकर जी का निधन भारत में संगीत के एक युग की समाप्ति है। उनकी सुरीली आवाज हम सबके बीच और पूरी दुनिया में सदा अमर रहेगी। प्रभु से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें। ओम शांति। भारत रत्न लता मंगेशकर का रविवार को मुंबई में निधन हो गया।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।