Snake News: सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट में 'घोड़ा पछाड़' सांप मिलने से मचा हड़कंप
रेस्क्यू टीम ने पकड़ा 5 फीट लंबा धामन सांप, टला खतरा
मुंबई। अभिनेता सलमान खान के बांद्रा स्थित प्रसिद्ध गैलेक्सी अपार्टमेंट (Salman Khan Galaxy Apartment) में मंगलवार को उस समय हलचल मच गई, जब परिसर में एक लंबा धामन सांप दिखाई दिया। करीब पांच फुट लंबे इस सांप को देख वहां मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मी ने तुरंत वन्यजीव बचाव दल से संपर्क किया। इसके बाद स्नेक रेस्क्यू विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे और पूरी सतर्कता के साथ सांप को सुरक्षित पकड़कर वहां से बाहर निकाल लिया। Snake News
राहत की बात यह रही कि इस पूरी प्रक्रिया में किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस और वन विभाग को भी दी गई। अधिकारियों ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए मामले को दर्ज कर लिया है। विशेषज्ञों के अनुसार यह सांप ‘धामन’ प्रजाति का था, जिसे इंडियन रैट स्नेक भी कहा जाता है।
यह विषहीन प्रजाति मानी जाती है और सामान्यतः इंसानों के लिए खतरनाक नहीं होती। धामन मुख्य रूप से चूहों, मेंढकों और छोटे जीवों को खाकर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वन्यजीव विशेषज्ञों का कहना है कि धामन सांप किसानों के लिए लाभदायक माना जाता है, क्योंकि यह खेतों में चूहों की संख्या नियंत्रित करता है।
इसकी तेज गति के कारण कई क्षेत्रों में इसे ‘घोड़ा पछाड़’ नाम से भी जाना जाता है। यह प्रजाति भारत के कई हिस्सों में सामान्य रूप से पाई जाती है और इसकी लंबाई प्रायः पांच से आठ फुट तक हो सकती है। विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि ऐसे सांप दिखने पर घबराने के बजाय वन विभाग या प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को तुरंत सूचना दें। Snake News