हमसे जुड़े

Follow us

24.5 C
Chandigarh
Thursday, April 16, 2026
More
    Home राज्य दिल्ली/यूपी एनडीआरएफ की ट...

    एनडीआरएफ की टीम ने यमुना में चलाया सर्च अभियान, नतीजा सिफर

    Kairana
    Kairana: एनडीआरएफ की टीम ने यमुना में चलाया सर्च अभियान, नतीजा सिफर

    दो दिन पूर्व यमुना नदी में डूबे राजस्थानी युवक का नही लग सका कोई सुराग

    • डूबे युवक की तलाश में नायब तहसीलदार सतीश यादव की मौजूदगी में एनडीआरएफ व प्राइवेट गोताखोर चला रहे सर्च अभियान

    कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana: दो दिन पूर्व यमुना नदी में डूबे राजस्थानी युवक का कोई सुराग नही लगा है। गाजियाबाद से पहुंची नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फ़ोर्स(एनडीआरएफ) की आठ सदस्यीय टीम ने डूबे युवक की तलाश में यमुना नदी में सर्च अभियान चलाया। हालांकि कई घंटे के सर्च अभियान के बाद भी नतीजा सिफर रहा। Kairana

    विगत शनिवार को प्रातः करीब साढ़े 11 बजे राजस्थान राज्य के जनपद जयपुर की तहसील शाहपुरा के गांव गोविंदपुरा बासडी निवासी रामेश्वर मीणा(26) अपने दोस्तों के साथ में यमुना नदी पर अमावस्या का भोग चढ़ाने के लिए आया था। युवक व उसके दोस्त बॉर्डर पर स्थित ब्रिज के पार हरियाणा की ओर यमुना में भोग चढ़ा रहे थे। बताया गया है कि भोग चढ़ाने के पश्चात सेल्फी लेते वक्त युवक रामेश्वर पैर फिसलकर यमुना में जा गिरा। साथ खड़े दोस्तों ने यमुना में गिरते युवक को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नही हो सके। इसके बाद, युवक यमुना के गहरे पानी में समा गया।

    युवक के दोस्तों ने मामले की सूचना यूपी-हरियाणा सीमा पर स्थित कैराना कोतवाली की पुलिस चौकी पर दी, जिस पर वहां तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्राइवेट गोताखोरों को मौके पर बुलवाकर यमुना में डूबे युवक की तलाश में सर्च अभियान चलाया। हालांकि देर शाम तक भी युवक का सुराग नही लग सका था। रविवार को भी डूबे युवक की तलाश में यमुना में सर्च अभियान चलाया गया। मामले की सूचना पर एसडीएम कैराना निधि भारद्वाज, सीओ श्यामसिंह, नायब तहसीलदार सतीश यादव व कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री ने भी यमुना पर पहुंचकर हादसे की जानकारी हासिल की थी। उन्होंने यमुना में डूबे युवक की तलाश में चलाए जा रहे सर्च अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए थे। गोताखोरों ने देर शाम तक यमुना में सर्च अभियान चलाया था, लेकिन कोई सफलता हाथ नही लगी थी।

    जिला प्रशासन द्वारा मामले की सूचना एनडीआरएफ के अधिकारियों को भी दे दी गई थी। सोमवार को भी दिन निकलते ही नायब तहसीलदार सतीश यादव की मौजूदगी में प्राइवेट गोताखोरों ने युवक की तलाश में यमुना में सर्च अभियान चलाया, लेकिन कई घंटे की तलाश के बावजूद डूबे युवक का कोई सुराग नही लगा। इसके बाद, दोपहर बाद करीब तीन बजे गाजियाबाद से नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फ़ोर्स(एनडीआरएफ) की आठ सदस्यीय टीम इंस्पेक्टर सुधीर कुमार के नेतृत्व में कैराना पहुंची। जहां पर उन्होंने युवक की तलाश में यमुना नदी में सर्च अभियान चलाया। एनडीआरएफ का सर्च अभियान देर शाम तक जारी रहा, लेकिन नतीजा सिफर रहा। वहीं, नायब तहसीलदार सतीश यादव ने बताया कि यमुना में डूबे युवक की तलाश में एनडीआरएफ व प्राइवेट गोताखोरों के द्वारा सर्च अभियान चलाया गया है, लेकिन युवक का अभी कोई सुराग नही लगा है। Kairana

    यह भी पढ़ें:– Firing Case: यूट्यूबर एल्विश यादव के घर फायरिंग करने वाले दो और शूटर गिरफ्तार