Sundargarh Bribe Case: सुंदरगढ़। ओडिशा में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विजिलेंस विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सुंदरगढ़ जिले में तैनात एक सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिसकर्मी की पहचान बडागांव थाना में पदस्थापित अरूपा नंदा दास के रूप में हुई है। Sundargarh News
विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार एएसआई ने एक ढाबा संचालक से उसके खिलाफ दर्ज मामले में मदद करने और उसके व्यवसाय में किसी प्रकार की बाधा न आने देने का आश्वासन देते हुए 25 हजार रुपये की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को पैसे लेते समय रंगे हाथों पकड़ लिया। गिरफ्तारी के तुरंत बाद अधिकारियों ने आरोपी से जुड़े विभिन्न ठिकानों पर तलाशी अभियान शुरू किया। यह कार्रवाई भुवनेश्वर और बडागांव में स्थित सरकारी आवास सहित कुल चार स्थानों पर की गई। तलाशी के दौरान करीब 3.31 लाख रुपये नकद बरामद हुए, जिन्हें जब्त कर लिया गया है।
अधिकारियों ने आरोपी की आय के स्रोतों की जांच भी प्रारंभ कर दी
इतनी बड़ी मात्रा में नकदी मिलने के बाद अधिकारियों ने आरोपी की आय के स्रोतों की जांच भी प्रारंभ कर दी है। जांच के दौरान यह जानकारी भी सामने आई कि एएसआई ने पिछले वर्ष मई में वियतनाम की यात्रा की थी। तलाशी के दौरान उसके पास से वियतनाम और नेपाल की कुछ विदेशी मुद्राएं भी मिलीं, जिन्हें जांच के लिए कब्जे में ले लिया गया है। विजिलेंस विभाग का कहना है कि इन विदेशी मुद्राओं के स्रोत और उनके उपयोग के बारे में भी विस्तृत जांच की जा रही है।
इस मामले में राउरकेला विजिलेंस थाने में भ्रष्टाचार निवारण (संशोधित) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी एएसआई को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। विभाग के अनुसार प्रकरण की गहन जांच जारी है। जांच के दौरान यदि अन्य लोगों की संलिप्तता या अतिरिक्त साक्ष्य सामने आते हैं तो उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। Sundargarh News















