हमसे जुड़े

Follow us

21.2 C
Chandigarh
Wednesday, April 8, 2026
More
    Home राज्य हरियाणा अपराध शाखा &#...

    अपराध शाखा – 2 की टीम ने 30 मार्च को जठलाना में प्लाइवुड फैक्ट्री पर हुई फायरिंग के मामले में एक आरोपी को किया गिरफ्तार

    Yamunanagar News
    Yamunanagar News: अपराध शाखा - 2 की टीम ने 30 मार्च को जठलाना में प्लाइवुड फैक्ट्री पर हुई फायरिंग के मामले में एक आरोपी को किया गिरफ्तार

    बरामदगी के लिए ले जाते हुए आरोपी ने भागने की कोशिश की, लगी चोट

    यमुनानगर/लाजपतराय (सच कहूँ न्यूज़)। Yamunanagar News: पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए बताया कि जिला की अपराध शाखा – 2 की टीम ने कार्यवाही करते हुए दिनांक 30 मार्च की रात को जिले के जठलाना गांव में प्लाइवुड फैक्ट्री पर हुई फायरिंग के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। जिसकी पहचान जिला कुरुक्षेत्र के गांव सिंनहरी खालसा निवासी अमन उर्फ काकू के नाम से हुई। पुलिस की टीम जब आरोपी को वारदात से जुड़े सबूतों की बरामदगी (रिकवरी) के लिए लेकर जा रही थी, तो खजूरी पुल के पास उसने पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश की और पुल से छलांग लगा दी। पुलिस ने तुरंत उसे काबू में लेकर सिविल अस्पताल यमुनानगर में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

    उन्होंने बताया कि दिनांक 30 मार्च की रात जठलाना प्लाइवुड फैक्ट्री पर दो हथियारबंद युवकों ने अचानक पहुंचकर फायरिंग कर दी थी। घटना के बाद मौके से पुलिस को 8 गोलियों के खोल बरामद हुए थे, जिन्हें कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए थे कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कानून के कटघरे में लाया जाए। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और अपने खुफिया तंत्र की मदद से जांच को आगे बढ़ाया, जिसके बाद अब पहले आरोपी की गिरफ्तारी संभव हो सकी है। Yamunanagar News

    फैक्ट्री में तैनात कर्मचारी नवजोत (निवासी पुराना हमीदा) ने अपनी शिकायत में बताया था कि घटना के समय वह सिक्योरिटी रूम के पास मौजूद था, तभी दो युवक आए और बिना कुछ कहे फायरिंग शुरू कर दी। दोनों हमलावरों के चेहरे ढके हुए थे और उनके हाथों में हथियार थे। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कई एंगल से कर रही है। एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा। वहीं, अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी जारी है उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
    अपील
    पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने सभी युवाओं से अपील की है कि युवा विदेश में बैठे लोगों के बहकावे में न आए। वह विदेश में बैठकर युवाओं को बहकाते है और उन्हें अपराधिक गतिविधियों में डाल देते है, इसलिये युवा ऐसे लोगों के बहकावे में न आए। उन्होंने कहा कि आज के समय में कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों के जरिए युवाओं को गुमराह कर रहे हैं और उन्हें अपराध की राह पर धकेलने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे लोग खुद विदेशों में सुरक्षित बैठकर युवाओं से गलत काम करवाते हैं, जिससे उनका जीवन बर्बाद हो जाता है। उन्होंने कहा कि कई मामलों में देखा गया है कि युवा लालच या झूठे वादों के कारण इन अपराधियों के संपर्क में आ जाते हैं। शुरुआत में उन्हें छोटे-छोटे काम दिए जाते हैं, लेकिन धीरे-धीरे उन्हें गंभीर अपराधों में शामिल कर लिया जाता है। जब कानून की कार्रवाई होती है, तो इसका खामियाजा केवल उन युवाओं और उनके परिवारों को भुगतना पड़ता है। Yamunanagar News

    उन्होंने कहा कि पूरे हरियाणा में जहां पर भी इस तरह के फिरौती के मामलों में उद्योगपतियों पर फायरिंग की गई है वह सभी मामले लगभग सुलझाए गए है। उन्होंने कहा कि विदेश में बैठे लोगों की बातों में आकर थोड़े से पैसों के लालच में आकर जो युवा अपना भविष्य खराब कर रहे है और भ्रमित हो रहे है, वह ऐसा न करे। परिवार भी अपने बच्चों की ओर ध्यान दे। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और यह सुनिश्चित करें कि वे किस संगत में हैं तथा किस प्रकार के लोगों के संपर्क में हैं। बच्चों को सही मार्गदर्शन देना और समय-समय पर उनसे संवाद करना बेहद जरूरी है, ताकि वे किसी गलत दिशा में न जाएं।

    पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यदि किसी को इस प्रकार की गतिविधियों की जानकारी मिलती है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। यमुनानगर पुलिस ऐसे मामलों पर कड़ी नजर बनाए हुए है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

    यह भी पढ़ें:– अथर्वा यूनिवर्सिटी में ‘RHYTHM ’26’ का आगाज़, चार दिन तक चलेगा सांस्कृतिक उत्सव