संगरूर में धान की सरकारी खरीद कल से, तैयारियां पूर्ण

Sangrur News
संगरूर में धान की सरकारी खरीद कल से, तैयारियां पूर्ण

जिले की 171 मंडियों में प्रबंध मुकम्मल करने का किया जा रहा दावा

  • एक सप्ताह के बाद मंडियों में होगी धान की आवक
  • भाव से संतुष्ट दिखाई दे रहे किसान | Sangrur News

संगरूर (सच कहूँ/गुरप्रीत सिंह)। धान (Dhan) की सरकारी खरीद बेशक 1 अक्तूबर से हो रही है लेकिन अभी तक मंडियों में धान की आमद बेहद कम होने की रिपोर्ट मिली है। मंडियों में फिलहाल बासमती धान ही आ रहा है, जो आढ़तियों द्वारा खरीदा जा रहा है। मंडियो में सफाई का काम लगभग पूरा हो चुका है और कहीं-कहीं मंडियों में सफाई का काम हो रहा है, जिस संबंधी मंडी अधिकारियों से मीटिंगें की जा रही है।

आज शनिवार को संगरूर की सबसे बड़ी मुख्य मंडी में खरीद प्रबंधोंं का जायजा लिया गया तो वहां फिलहाल बहुत कम धान ही पहुंचा बल्कि कुछेक ढेरियां बासमती धान की खरीदी हुई पड़ी थीं, जिनको आढ़तियों द्वारा खरीदा गया था, वहीं मजदूरों द्वारा साथ के साथ धान की सफाई का काम भी लगातार किया जा रहा है। वहीं अगर मंडियों में सफाई प्रबंधों की बात की जाए तो फिलहाल संगरूर मंडी में सफाई के प्रबंध ठीक-ठाक दिखाई दिए लेकिन मंडियों में लोगों के निजी वाहनों का जमावड़ा लगा हुआ है, असल में 10 दिनों बाद मंडियों में रौनक दिखाई देने लगेगी। बड़ी संख्या में किसानों द्वारा मंडी में प्राईवेट विभागों को धान बेचा जा रहा है। Sangrur News

मंडी में मौजूद संगरूर के किसान गोबिन्द्र सिंह ने बताया कि उन्होंने बासमती धान 1509 की बिजाई की है, जिसका प्राईवेट तौर पर 3300 रुपये प्रति क्विंटल भाव मिल रहा है। उन्होंने कहा कि बासमती धान पिछले 15 दिनों से निजी व्यापारियों द्वारा खरीदा जा रहा है और इसे लेकर कोई दिक्कत नहीं आ रही और किसानों को बासमती का भाव भी अच्छा मिल रहा है। उन्होंने बताया कि अधिकतर किसानों द्वारा धान की किसम पूसा 44 की बिजाई की हुई है। उन्होंने बताया कि अन्दाजन धान का उत्पादन एक एकड़ में 6 क्विंटल के करीब निकलता है और इस मूनक क्षेत्र में बाढ़ के कारण थोड़ी फसल खराब हुई है लेकिन इस बार धान की फसल को कोई खास दिक्कत नहीं आई है।

जिले की मंडियोंं में खरीद के सभी प्रबंध मुकम्मल: जिला मंडी अधिकारी

‘सच कहूँ’ से बात करते जिला मंडी अधिकारी जसपाल सिंह ने बताया कि 1 अक्तूबर से सरकारी तौर पर मंडियों में धान की खरीद शुरू हो रही है। उन्होंने कहा कि धान की आमद एक सप्ताह के बाद शुरु होगी। उन्होंने कहा कि जिला संगरूर में 171 मंडियां हैं, जिनमें सभी प्रबंध पूरे हैं। इसके अलावा मलेरकोटला में भी 100 के करीब मंडियोंं में साफ-सफाई के काम चल रहे हैं।

सुनाम अनाज मंडी में धान की आवक शुरु, प्रबंध मुकम्मल | Sangrur News

सुनाम ऊधम सिंह वाला। पंजाब की दूसरी सबसे बड़ी सुनाम की अनाज मंडी में धान की आमद शुरु हो चुकी है। मंडी में फिलहाल स्ट्ठी जीरी ही आ रही है, कुल मिलाकर अनाज मंडी में साफ-सफाई पक्ष से व अन्य किसानों के लिए छाया, पीने वाले पानी और अन्य सुविधाएं मुकम्मल कर ली गई हैं, 1 अक्तूबर से धान की सरकारी खरीद भी शुरु हो रही है। अनाज मंडी में सफाई प्रबंध लगभग मुकम्मल दिखाई दे रहे हैं। धान लेकर पहुंचे किसान नायब सिंह छाहड़ ने बताया कि मंडी में सभी प्रबंध दिखाई दे रहे हैं, जो कि किसानों के लिहाज से उचित हैं। वहीं किसान नायब सिंह ने बताया कि बासमती 3700-3800 रूपये प्रति क्विंटल के हिसाब से बिक रही है, जो कि अच्छा भाव है।

उन्होंने बताया कि इस बार धान की फसल का अच्छा उत्पादन होने की उम्मीद नजर आ रही है।उल्लेखनीय है कि मजदूर यूनियन पंजाब द्वारा भी पंजाब की मंडियोंं को बंद करने संबंधी हड़ताल की जा रही है, उनका कहना है कि जो मांगें पंजाब सरकार पहले मान चुकी थी, वह अब अपने वायदे से मुकर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि 1 अक्तूबर से पूरे पंजाब भर की मंडियां अनिश्चित समय के लिए बंद की जाएंगी। वहीं आज 1 अक्तूबर से ही धान की सरकारी खरीद शुरु हो रही है और 10-15 अक्तूबर तक पूसा 44 व अन्य क्वालिटी का धान भी मंडियों में आना शुरु हो जाएगा। अगर इसी तरह मजदूर यूनियन की हड़ताल जारी रही तो कहीं न कहीं किसानों को लेबर व अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।

प्रबंध मुकंमल, नहीं होगी किसी को परेशानी: चेयरमैन | Sangrur News

मार्केट कमेटी सुनाम के चेयरमैन मुकेश जुनेजा ने कहा कि अनाज मंडी की साफ-सफाई, पानी व अन्य हर तरह के पुख्ता प्रबंध कर लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि अभी मंडी में बासमती 1509, 1847, 1409 आदि ही आ रहा है। उन्होंने कहा कि बासमती इस बार 3500 से 3800 रूपये प्रति क्विंटल के करीब रेट के हिसाब से बिक रही है। जिसे प्राईवेट सैक्टर खरीद रहे हैं। जुनेजा ने कहा कि आज 1 अक्तूबर से धान की सरकारी खरीद शुरु हो जाएगी और 10-15 अक्तूबर तक धान की पूसा 44 सहित अन्य तरह का धान मंडी में आ जाएगा।

उन्होंने मजदूर यूनियन की हड़ताल के बारे में बताया कि यह हड़ताल पंजाब स्तर पर है, जबकि धान की पूसा व अन्य क्वालिटी का धान 10 से 15 अक्तूबर तक मंडियों में आएगा, तब तक सरकार द्वारा इस मसले का हल निकाल लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अनाज मंडियों में किसी को भी कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने किसानों से भी अपील की कि वह अपना धान पूरी तरह सूखाकर ही मंडियों में लाएं ताकि उनका समय मंडियों में खराब न हो।

यह भी पढ़ें:– जिला स्तरीय खेल मुकाबलों का आगाज