संसद में सदस्यता खारिज होने के बाद बोले राहुल गांधी- ‘मैं कोई भी कीमत चुकाने को तैयार’

Rahul gandhi

नई दिल्ली। (सच कहूँ न्यूज) लोकसभा सचिवालय ने शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की सदस्यता रद्द कर दी है। इस फैसले के बाद राहुल गांधी ने ट्वीट किया कि मैं भारत की आवाज के लिए लड़ रहा हूं। मैं कोई भी कीमत चुकाने को तैयार हूं। दरअसल, कांग्रेस नेता राहुल गांधी को बड़ा झटका लगा है। लोकसभा सचिवालय ने राहुल गांधी की संसदीय सदस्यता रद्द कर दी है। आज लोकसभा सचिवालय ने एक अधिसूचना जारी कर यह जानकारी दी।

यह भी पढ़ें:– प्रेस क्लब ने पंजाब के पत्रकारों के सोशल मीडिया अकाउंट ब्लॉक करने की आलोचना की

अमेठी में कांग्रेसियों ने किया विरोध प्रदर्शन

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की लोकसभा की सदस्यता समाप्त होने से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को यहां प्रदर्शन किया और सरकार विरोधी नारेबाजी की। गांधी की सदस्यता समाप्त होने की सूचना मिलते ही गौरीगंज स्थित केंद्रीय कांग्रेस कार्यालय पर प्रदर्शन शुरू हो गया। कांग्रेस कार्यकर्ता सरकार विरोधी नारे लगाते हुये सड़क पर उतर गये। प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकताओं में राहुल गांधी के पक्ष में नारे लगाये। कांग्रेस प्रवक्ता अनिल सिंह ने कहा कि राहुल गांधी को भारत जोड़ो यात्रा के दौरान जबरदस्त समर्थन मिला जिससे भाजपा घबरा गयी थी। संसद में श्री गांधी के सवाल सत्ता पक्ष को असहज कर रहे थे। न्यायपालिका और संसद में छल करके भाजपा ने गांधी की सदस्यता को समाप्त करवाया मगर यह आवाज यहां से नहीं बंद होगी। यह आवाज सड़क से लेकर संसद तक गूंजेगी।

उन्होने कहा कि अमेठी में जो पुलिस की दमनकारी नीतियां हैं। अब इससे कांग्रेसी कार्यकर्ता डरने वाले नहीं हैं ।हम लोगों को न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है लेकिन सरकार की दमनकारी नीतियों को लेकर हमारा प्रदर्शन जारी रहेगा।

राहुल की सदस्यता रद्द करना लोकतंत्र के लिए काला दिन: अजय राय

उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने कहा कि संसद से पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गाँधी (Rahul Gandhi) की सदस्यता रद्द करना भारतीय लोकतंत्र के लिए काला दिन है। राय ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा कि पिछले नौ सालों से भाजपा को संसद में जिस आवाज से सबसे ज्यादा डर लगता था, आज संसद में फिलहाल के लिए उस आवाज को खामोश करा दिया गया है। पार्टी इस फैसले के खिलाफ कानूनी और राजनीतिक दोनों तरह से लड़ाई लडेगी।

उन्होने कहा कि राहुल गांधी जी सच के सिपाही हैं और सच कहने के लिए माफी नहीं मांगी बल्कि सजा को चुना। सत्य के प्रहरी राहुल गांधी के समर्थन में हर कार्यकर्ता आखिरी सांस तक खड़ा रहेगा। भाजपा सरकार का असली चेहरा बेनकाब हो गया है। भारत जोड़ो यात्रा की सफलता और गाँधी की बढ़ती लोकप्रियता से पूरी भाजपा घबरा गई थी डरी हुई था और आज वह डर सही साबित हो गया। कांग्रेसी नेता ने कहा कि गाँधी के नेतृत्व में लोकतंत्र बचाने की लड़ाई कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता पूरी मजबूती से लड़ेगा।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।