हमसे जुड़े

Follow us

16.1 C
Chandigarh
Sunday, March 1, 2026
More
    Home कारोबार रिलायंस जियो ...

    रिलायंस जियो ने दिल्ली-सर्किल में छुआ दो करोड़ ग्राहकों का आंकड़ा

    Jio Platforms

    नई दिल्ली (एजेंसी)। रिलायंस जियो ने दिल्ली सर्किल में दो करोड़ ग्राहकों को अपने नेटवर्क से जोड़ लिया है। इसी के साथ दो करोड़ से अधिक ग्राहकों को जोड़ने वाली रिलायंस जियो दिल्ली सर्किल की पहली कंपनी बन गई है। भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई) के हाल में जारी आंकड़ों में यह खुलासा हुआ।

    दिल्ली सर्किल में रिलायंस जियो के ग्राहकों की कुल संख्या जून 2021 में दो करोड़, एक लाख, बत्तीस हजार से अधिक रही। ट्राई के आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली सर्किल में पांच करोड़ 44 लाख से अधिक मोबाइल ग्राहक हैं। जिनमें से दो करोड़ से अधिक रिलायंस जियो के नेटवर्क से जुड़े हैं। भारती एयरटेल के यूजर्स की तादाद करीब एक करोड़ 62 लाख है वहीं वोडा-आइडिया एक करोड़ 59 लाख ग्राहकों के साथ तीसरे नंबर पर है।

    जून माह में दिल्ली सर्किल में सबसे अधिक 1.5 लाख से अधिक यूजर्स जोड़ कर रिलायंस जियो अव्वल साबित हुई है। एयरटेल करीब 86 हजार ग्राहक जोड़ कर दूसरे नंबर पर रही। वोडा आइडिया सबसे बड़े लूजर साबित हुए। करीब 52 हजार यूजर्स वोडा आइडिया का नेटवर्क छोड़ कर चले गए। दिल्ली सर्किल में यूजर्स का नेट एडिशन एक लाख 84 हजार के करीब रहा।

    नेशनल लेवल पर भी रिलायंस जियो ने अपनी बादशाहत कायम रखी। ट्राई के आंकड़े बताते हैं कि जून माह में एयरटेल और वोडा-आइडिया को पीछे छोड़ते हुए रिलायंस जियो ने 54 लाख 66 हजार से अधिक यूजर्स को जोड़ा। वोडा-आइडिया ने 42 लाख, 89 हजार से अधिक ग्राहक खोए वहीं भारती एयरटेल ने 38 लाख से अधिक ग्राहकों को अपने नेटवर्क से जोड़ा।

    जून अंत तक 43 करोड़, 66 लाख से अधिक यूजर्स के साथ रिलायंस जियो पहले नंबर पर बनी रही। एयरटेल के यूजर्स की तादाद 35 करोड़ 21 लाख और वोडा-आइडिया की 27 करोड़ 33 लाख रही।

    अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।