हमसे जुड़े

Follow us

24.6 C
Chandigarh
Wednesday, April 15, 2026
More
    Home कारोबार लॉकडाउन में छ...

    लॉकडाउन में छूट मिलने से शेयर बाजार में तूफानी तेजी

    Stock Market, Sensex

    मुंबई। ‘कंटेनमेंट जोन’ को छोड़कर पूरे देश में सभी प्रकार की आर्थिक गतिविधियों की छूट देने के केंद्र सरकार के फैसले के बाद आज घरेलू शेयर बाजारों में शुरुआती कारोबार में तूफानी तेजी देखी गयी। बाजार खुलने के बाद देखते-देखते बीएसई का सेंसेक्स 900 अंक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 260 अंक से अधिक चढ़ गया। पिछले सप्ताह 32,424.10 अंक पर बंद होने वाला सेंसेक्स 481.95 अंक की बढ़त में 32,906.05 अंक पर खुला और चंद मिनटों में 900 अंक से अधिक की छलाँग लगाकर 33,334.96 अंक पर पहुँच गया।

    निफ्टी भी 146.55 अंक की तेजी के साथ 9,726.85 अंक पर खुला और 260 अंक से अधिक चढ़ता हुआ 9,845.90 अंक पर पहुँच गया। केंद्र सरकार ने 01 जून से 30 जून तक लॉकडाउन का पाँचवाँ चरण लागू किया है, लेकिन इसमें कंटेनमेंट जोन के बाहर हर प्रकार की आर्थिक गतिविधियों की अनुमति दी गयी है। होटल, रेस्त्रां और शॉपिंग मॉल भी 08 जून से खुल जायेंगे। सरकार के इस फैसले से निवेशकों की धारणा मजबूत हुई है।

    चौतरफा लिवाली के बीच सेंसेक्स की 30 में से 29 कंपनियों के शेयर हरे निशान में हैं। धातु, बैंकिंग और वित्तीय क्षेत्र की कंपनियों में सबसे अधिक लिवाली देखी गयी। खबर लिखे जाते समय सेंसेक्स 872.59 अंक यानी 2.69 प्रतिशत की तेजी के साथ 33,296.69 अंक पर और निफ्टी 254.30 अंक यानी 2.65 प्रतिशत की तेजी के साथ 9,834.60 अंक पर था।

     

    अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।