Hanumangarh Road Accident: हनुमानगढ़। जिले के भादरा क्षेत्र में सड़क हादसे में घायल एक छात्रा की इलाज के दौरान जयपुर में मौत हो गई। मामले में भादरा थाना पुलिस ने बोलेरो चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार गांव नेठराना निवासी सुशील कुमार (42) पुत्र आदराम स्वामी ने भादरा थाने में रिपोर्ट दी कि 5 मार्च को उसकी पोतियां अंकिता और रचना परीक्षा देने के लिए स्कूटी नम्बर एचआर 44 एल 7063 से भादरा गई थीं। स्कूटी अंकिता चला रही थी और रचना पीछे बैठी हुई थी। पेपर समाप्त होने के बाद दोनों छात्राएं वापस लौट रही थीं। Hanumangarh News
इसी दौरान भादरा बाइपास पर अजय होटल के पास सामने से आ रही बोलेरो नम्बर आरजे 49 यूए 0860 के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद वहां मौजूद लोगों ने दोनों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल भादरा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद रचना को सीटी अस्पताल सिरसा और अंकिता को विवेकानंद अस्पताल भादरा रेफर किया गया। बाद में रचना की हालत गंभीर होने पर उसे जयपुर स्थित एनआईएमएस अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान 13 मार्च को जयपुर के अस्पताल में रचना की मौत हो गई। पुलिस ने सुशील कुमार की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई अक्षय कुमार को सौंपी गई है। Hanumangarh News















