Sohna Murder Case: गुरुग्राम (सच कहूँ न्यूज)। सोहना क्षेत्र में फार्म हाउस में देखभाल करने वाले नौकर ने तेजधार हथियार से मालिक की हत्या कर दी। हत्या करके वह छिपने के लिए दिल्ली भाग गया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने मंगलवार को बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार छह अप्रैल सोमवार को पुलिस चौकी निमोठ थाना सदर सोहना में एक सूचना मिली कि सोहना बल्लभगढ़ रोड हरचंदपुर बस अड्डे के पास एक फार्म हाउस में एक व्यक्ति की तेजधार हथियार से हत्या की गई है। पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची, जहां पर एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ था। मृतक की पहचान राहुल (उम्र 36 वर्ष) के रूप में हुई। Gurugram News
सीन ऑफ़ क्राइम, फिंगरप्रिंट टीमों को बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण करवाया गया
पुलिस टीम द्वारा सीन ऑफ़ क्राइम, फिंगरप्रिंट टीमों को बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण करवाया गया। मृतक के भाई ने पुलिस को शिकायत दी कि उनका हरचंदपुर बस अड्डे पर एक फार्म हाउस है। फार्म हाउस की देखभाल के लिए खेमचंद नामक व्यक्ति को रखा हुआ था। पांच अप्रैल को उसका भाई एक व्यक्ति के साथ फार्म हाउस पर गया था। वह व्यक्ति उसके भाई को फार्म हाउस पर छोड़कर चला गया। छह अप्रैल को उस व्यक्ति ने सूचना दी कि उसके भाई राहुल की फार्म हाउस पर किसी ने हत्या कर दी है। वहां काम करने वाले व्यक्ति खेमचंद को देखा तो वह वहां पर नहीं था। उसका फोन भी बंद आ रहा था। आशंका हुई कि खेमचंद ने ही तेजधार हथियार से उसके भाई की हत्या की है।
शिकायत पर थाना सदर सोहना गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। अपराध शाखा सोहना की टीम ने आरोपी को मंगलवार की सुबह दिल्ली से काबू किया। आरोपी की पहचान खेमचंद (उम्र-65 वर्ष) निवासी जिला बुलंदशहर (उत्तर-प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी फॉर्महाउस में लगभग 20 वर्षों से कार्य कर रहा था। डेढ़ वर्ष पहले किसी कहासुनी को लेकर वह काम छोडकर चला गया था। आरोपी बीच बीच में काम करने के लिए आता रहता था। अब लगभग दो महीने पहले आया था। राहुल आरोपी के साथ मारपीट करता था। इसी रंजिश में उसने वहीं रखे हुए दरांत (तेजधार हथियार) से राहुल की गर्दन पर कई बार वार करके उसकी हत्या कर दी और दिल्ली भाग गया। पुलिस टीम द्वारा वारदात में प्रयोग किया गया तेजधार हथियार घटनास्थल से बरामद किया गया है। Gurugram News















