कोरबा (एजेंसी)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत सीएसईबी कॉलोनी में एक रिटायर्ड एएसआई के घर चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए घर का ताला तोड़कर अलमारी में रखे करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रिटायर्ड एएसआई गलेटबिन कुमार परिवार के साथ किसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बाहर गए हुए थे।
घर की देखरेख के लिए उन्होंने पड़ोसी और एक रिश्तेदार को चाबी सौंप रखी थी। घटना का खुलासा उस समय हुआ जब कल देर रात रिश्तेदार घर में सोने के लिए पहुंचा। उसने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। अंदर जाकर जांच करने पर आलमारी खुली मिली और उसमें रखे जेवरात गायब थे। सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।















