फतेहाबाद में युवक की हत्या, आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
फतेहाबाद। शहर के कीर्ति नगर मोहल्ले में बीती रात एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान मोनू (पुत्र कृष्ण कुमार) के रूप में हुई है, जो मजदूरी का काम करता था। जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 11:30 बजे मोनू अपने मोहल्ले में बैठा हुआ था। इस दौरान उसके साथ सोनू और अमन भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि इसी बीच कीर्ति नगर के ही रहने वाले शंकर, किता, अरुण, निखिल समेत 2-3 अन्य युवक वहां पहुंचे और अचानक मोनू पर हमला कर दिया। हमले में मोनू गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल अवस्था में उसे तुरंत फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक के भाई सचिन के बयान पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।