हमसे जुड़े

Follow us

28 C
Chandigarh
Sunday, March 1, 2026
More
    Home राज्य राजस्थान सीकर में नवलग...

    सीकर में नवलगढ़ रोड पर नाला निर्माण स्वीकृति का श्रेय लेने की नेताओं में मची होड़

    Sewer Construction

    सीकर (एजेंसी)। राजस्थान के सीकर में गंदे पानी के भराव की समस्या से निजात पाने के लिए नवलगढ़ रोड पर नाला निर्माण कार्य की स्वीकृति के बाद नेताओं में इसका श्रेय लेने की होड़ लग गई है। इस कार्य की बुधवार को स्वीकृति मिलते ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा ने सोशल मीडिया के जरिए सीकरवासियों को बधाई दी और कहा कि शहर के नवलगढ़ रोङ पर जल भराव की निकासी के लिए राज्य सरकार के स्वायत शासन विभाग द्वारा 13 करोङ रुपए की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति मिलने पर शहरवासियों को अब इस समस्या से निजात मिल जाएगी। इसके बाद सीकर विधायक राजेन्द्र पारीक ने ट्वीट कर इस समस्या के समाधान के लिए 13 करोड रुपए स्वीकृत करने पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल को धन्यवाद दिया।

    इतना ही नहीं पारीक ने मीडियाकर्मियों को बुलाकर इस बारे में दावा किया गया कि यह सब उन्हीं के प्रयासों का परिणाम है। इतना ही नहीं इस दौरान उनके सीकर में होने वाले सभी विकास कामों में अपनी अहम भूमिका का जिक्र करना भी नहीं भूले। उन्होंने डोटासरा का नाम लिए बिना कहा, कुछ लोग सहज भाव से कह देते हैं काम हो गया जबकि ऐसा नहीं होता है। दरअसल इसके लिए भारी पीड़ा पालनी पड़ती है और वह मैंने पाल रखी है, मैं तो सीकर शहर के विकास के लिए दिन में ही सपने देखता हूं। इसके बाद पारीक के कई समर्थक सोशल मीडिया पर उन्हें बधाई देते नजर आए। हालांकि तब तक डोटासरा का ट्वीट संदेश सियासी हलकों में खूब वाहवाही लूट चुका था। इस मुद्दे पर सीकर के लोगों में चर्चा का विषय भी बन गया कि विकास के मुद्दे पर श्रेय लेने के साथ नेताओं को शहर की अनगिनत समस्याओं एवं उनके प्रति बरती जा रही लापरवाही की जिम्मेदारी भी लेकर काम करना चाहिए।

     

    अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।