हमसे जुड़े

Follow us

25.6 C
Chandigarh
Friday, April 17, 2026
More
    Home राज्य हरियाणा धोखाधड़ी से पा...

    धोखाधड़ी से पात्रों का हक डकारने वालों पर हरियाणा सरकार सख्त

    Haryana government sachkahoon

    कमाई की जानकारी छिपाने वालों की राशन सहित तमाम सुविधाएं होंगी बंद

    • परिवार पहचान पत्र और राशन कार्ड में मिले अलग-अलग

    चंडीगढ़। परिवार पहचान पत्र और राशन कार्ड में सालाना आय का ब्यौरा अलग-अलग दर्ज करवाने वाले परिवारों को ये होशियारी आने वाले वक्त में महंगी पड़ने वाली है। ऐसे पाँच लाख परिवार सामने आ चुके हैं। इसके अलावा अंत्योदय व बीपीएल राशन कार्ड धारकों में से भी 80 हजार राशन कार्ड ऐसे मिले हैं, जो निर्धारित मानदंडों पर खरे नहीं उतर रहे। हरियाणा सरकार अब ऐसे तमाम अपात्र परिवारों को दी जा रही सुविधाएं बंद करने की तैयारी में है।

    जानकारी के अनुसार खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा प्रदेश के 27 लाख परिवारों को विभिन्न योजनाओं के तहत लाभ दिया जा रहा है। इनमें से करीब 18 प्रतिशत परिवार ऐसे मिले हैं, जिनका पीडीएस व पीपीपी कार्ड का डाटा मेल नहीं खा रहा है। इसके मद्देनजर विभाग ने सभी जिला खाद्य आपूर्ति एवं नियंत्रक अधिकारियों को वेरिफिकेशन करने के निर्देश दिए हैं। अब तक दो लाख से ज्यादा परिवारों की वेरिफिकेशन हो चुकी है और बाकी बचे हुए परिवारों की वेरिफिकेशन का काम इस महीने के अंत तक पूरा हो जाएगा।

    अंत्योदय व बीपीएल राशन कार्डधारकों की बात करें तो प्रदेश में ऐसे 11 लाख 41 हजार परिवार हैं। इनमें 10 लाख 62 हजार राशन कार्डों का डाटा सही पाया गया है, जबकि 80 हजार परिवारों की वेरिफिकेशन नहीं हो पाई है। पीपीपी के बाद सरसों के तेल को लेकर दिए जाने वाली डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) में भी करीब 80 हजार उपभोक्ता ऐसे हैं, जिन्होंने अपना खाता नंबर नहीं दिया है। 10 लाख 62 हजार खातों में सीधी राशि दी जा रही है। 80 हजार खातों का मिलान नहीं हो पा रहा है। विभागीय वेरिफिकेशन के बाद यदि इनका डाटा मेल नहीं खाता है तो यह तमाम राशन कार्ड काट दिए जाएंगे।

    11.50 लाख परिवारों की आय हो चुकी सत्यापित

    हरियाणा में करीब 54 लाख परिवार पहचान पत्र बनाए जाने हैं। अभी तक 11 लाख 50 हजार 858 परिवारों की आय के सत्यापन का काम पूरा हो चुका है। प्रदेश सरकार की कोशिश है कि पहले चरण में एक लाख परिवारों की आय का स्तर एक लाख 80 हजार रुपये वार्षिक किया जाए। फिलहाल पहले चरण में 50 हजार रुपये की सालाना कमाई वाले तीन लाख 35 हजार परिवारों का चयन किया गया है। इसके अलावा पहली नवंबर से सरकार ने पीपीपी कार्ड के साथ 456 योजनाओें को जोड़ दिया है। गलत जानकारी देने वालों और अपात्र लोगों को योजनाओं का लाभ नहीं मिलेगा।

    डाटा वेरिफिकेशन का 50 प्रतिशत काम पूरा

    जिलावार रिपोर्ट आने के बाद जिनका पीडीएस व पीपीपी कार्ड के आधार पर डाटा मेल नहीं खाता मिला, उन्हें तमाम सुविधाएं बंद की जाएंगी। अंत्योदय व बीपीएल कार्ड की श्रेणी में 80 हजार राशन कार्ड ऐसे मिले हैं, जिनकी पीपीपी कार्ड के साथ वेरिफिकेशन नहीं हो पाई है।

    अनुराग रस्तोगी, अतिरिक्त मुख्य सचिव, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग

    अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।