गांव खोखर में जमीन के झगड़े ने छीन ली 2 जिंदगियां
- परिवार के बीच खून ही होली, धारदार हथियारों से पूर्व सरपंच के बेटे व उसके भतीजे की हत्या
ओढ़ां/सरसा (सच कहूँ/राजू)। Odhan News: सरसा के कालांवाली थाना क्षेत्र के गांव खोखर में रविवार को एक परिवार के लोगों के मध्य खून की होली खेली गई। महज 2 कनाल जमीन ने 2 जिंदगियां छीन ली। इस विवाद में कुछ लोगों ने अपने ही परिवार के 2 लोगों की धारदार हथियारों से निर्मम हत्या कर दी। वहीं इस हमले में मृतकों के 2 साथी भी घायल हुए हैं तो वहीं दूसरी तरफ आरोपी पक्ष के भी 3 लोग घायल हुए हैं। मृतकों की पहचान करीब 46 वर्षीय झरमल सिंह व उसके भतीजे करीब 24 वर्षीय दलजीत सिंह के रूप में है। घटना की सूचना के बाद थाना कालांवाली पुलिस व सीआईए स्टाफ कालावाली की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। Sirsa News
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम हेतु भिजवाया एवं घटनास्थल का जायजा लेते हुए आगामी कार्रवाई शुरू की। पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर ने मामले की जानकारी लेते हुए पुलिस को मामले की हर पहलू से जांच करने के निर्देश दिए हैं। मृतक झरमल सिंह के चचेरे भाई निक्का सिंह के मुताबिक उसके चाचा महेंद्र सिंह के नए घर की नींव रखी जानी थी। जिसको लेकर झरमल सिंह, उसका भतीजा दलजीत सिंह, दोनों बाइक पर सवार होकर महेंद्र सिंह के घर पर जा रहे थे। इस दौरान दादा के भाई के परिवारिक सदस्यों मोती सिंह, बिकर सिंह व जसवंत सिंह ने उन्हें नौरंग रोड पर बीच रास्ते में रोक लिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच हुई कहासुनी ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। इस विवाद में मोती सिंह, बिकर सिंह व जसवंत सिंह ने धारदार हथियारों से झरमल सिंह और दलजीत सिंह को चोटें मारीं।
हमले में गंभीर रूप से झरमल व दलजीत सिंह को कालांवाली के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती करवाया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक झरमल सिंह का करीब 20 वर्षीय एक बेटा है जबकि दूसरा मृतक दलजीत सिंह अविवाहित था और अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। गांव खोखर के सरपंच प्रतिनिधि गुरप्रीत सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के मध्य 2 कनाल भूमि को लेकर विवाद था। ये मामला पंचायत में आया था। जिसके बाद पंचायत द्वारा समझौते के प्रयास किए जा रहे थे। ये मामला इस तरह से खूनी संघर्ष का रूप ले लेगा, ये अंदाजा नहीं था। इस घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। मृतक के परिजन सदमे में है। ग्रामीणों का कहना है कि परिवार के बीच हुई छोटी सी बात इतनी बढ़ जाएगी, ये सोचा नहीं था। वहीं इस घटना के बाद गांव के अलावा अस्पताल में भी पुलिस बल तैनात किया गया है जहां तीनों घायल हत्या आरोपी दाखिल हैं।
ये था विवाद | Sirsa News
मृतक झरमल सिंह के चचेरे भाई निक्का सिंह ने बताया कि इसी सप्ताह गांव के पिंदा सिंह ने बिकर सिंह से 2 कनाल जमीन बेचने के लिए 6 हजार रुपए साई के तौर पर लिए थे। लेकिन बाद में पिंदा सिंह साई के पैसे वापस लौटा आया था। जिसके बाद बिकर सिंह ने मृतक झरमल सिंह पर जमीन के पैसे उनके अधिक देकर साई वापिस दिलवाने और सौदा कैंसिल करवाने के आरोप लगाए थे। बताया जा रहा है कि इसी कारण दोनों पक्षों में विवाद था। हालांकि मृतक झरमल सिंह के पिता मिट्ठू सिंह ने ही बिकर सिंह को अपनी साली का रिश्ता करवाया था। ग्रामीणों के मुताबिक झरमल सिंह की मां जसमेल कौर व पिता मिट्ठू सिंह दोनों गांव के सरपंच रह चुके हैं। एक चुनाव में झरमल सिंह के पिता मिट्ठू सिंह और ताऊ धर्म सिंह ने आमने-सामने चुनाव लड़ा था और धर्म सिंह चुनाव हार गए थे। इस बात को लेकर भी दोनों परिवार के मध्य मनमुटाव था।
दूसरे पक्ष के लोगों को भी आई चोटें
जमीनी विवाद को लेकर आपसी झगड़े में झरमल सिंह व दलजीत सिंह की मौत हो गई। जबकि उनके साथी मृतक झरमल सिंह का चचेरा भाई गुरप्रीत सिंह व चाचा का पौत्र अर्शदीप सिंह घायल हो गए। इसके अलावा दूसरे पक्ष के लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए है। जिनमें धर्म सिंह के बेटे मोती सिंह, बिकर सिंह और बिकर सिंह का बेटा जसवंत सिंह शामिल है। जिन्हें नागरिक अस्पताल सरसा में भर्ती करवाया गया है।
पुलिस ने इस मामले में मृतक के भाई जसवीर सिंह के बयान के आधार पर जसवंत सिंह, बीकर सिंह व मोती सिंह तथा 6-7 अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शवों का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। दूसरे पक्ष के लोग भी घायल हुए हैं जोकि नागरिक अस्पताल सरसा में भर्ती है।
– पीएसआई सुनील कुमार, थाना प्रभारी (थाना कालांवाली)
यह भी पढ़ें:– रामजीलाल कश्यप के भाजपा जिलाध्यक्ष बनाए जाने पर बांटी मिठाईयां















