
गाजियाबाद(सच कहूं /न्यूज/रविंद्र सिंह)। लोनी में मजहबी कट्टरपंथी और कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाने वाले यूट्यूबर सलीम पर दो सगे भाइयों ने हमला किया था। दोनों भाई मूल रूप से अमरोहा के नगला चौकी के रहने वाले हैं और वर्तमान में खोड़ा में रहते थे। वहीं, रविवार देर रात आरोपियों की लोनी थाना क्षेत्र के निठोरा में पुलिस से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान मुख्य आरोपी मुठभेड़ में ढेर हो गया। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त बाइक, सर्जिकल ब्लेड, तमंचा और कारतूस बरामद किया है। आरोपी का सगा भाई मौके से फरार हो गया।
आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस
जीशान का भाई मौके से फरार हो गया,पुलिस उसकी तलाश कर रही है। हमलावरों ने मजहबी कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाने पर सलीम हमला किया था। पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है। मृतक का कोई आपराधिक इतिहास अभी तक पुलिस को नहीं मिला है। पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सलीम पर हमला करने वाले आरोपी किसी दूसरे व्यक्ति पर हमला करने के लिए लोनी क्षेत्र में आ रहे हैं। इस सूचना पर तत्काल पुलिस ने निठोरा के पास चेकिंग शुरू की। इस दौरान बाइक सवार दो लोगों को रोकने का इशारा किया गया। दोनों पुलिस पर फायरिंग कर भागने लगे।
मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल
पुलिस ने पीछा किया तो उनकी बाइक स्लिप हो गई। इसके बाद आरोपियों ने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग शुरू कर दी। उसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी को गोली लग गई, जबकि इस दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। पुलिस ने घायल हुए आरोपी को लोनी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान खोड़ा निवासी जीशान के रूप में हुई। जांच में पता चला कि उसने अपने सगे भाई गुलफाम के साथ मिलकर सलीम पर हमला किया था। फिलहाल पुलिस गुलफाम को तलाश रही है। वह मौके से फरार हो गया।
पहचान होने पर घोषित किया गया था इनाम
गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर जे रविंद्र गौड़ ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर मुख्य आरोपी जीशान की पहचान हो गई थी। इसके बाद उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। रविवार देर रात स्वाट टीम के निर्देशन में डीसीपी देहात सुरेंद्रनाथ तिवारी और लोनी थाना पुलिस टीम ने कार्रवाई की।














