एसपी शामली नरेन्द्र प्रताप सिंह ने कैराना के बाजारों में पैदल भ्रमण करके परखी सुरक्षा व्यवस्था
- होलिका पर्व व मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव के मद्देनजर सूबे में किया गया है हाईअलर्ट
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह ने कैराना पहुंचकर भारी पुलिस बल के साथ में कस्बे के बाजारों में पैदल भ्रमण किया। उन्होंने लोगो से शांतिपूर्ण तरीके से त्यौहार मनाने की अपील की है। होली पर्व व मिडिल ईस्ट में चल रहे संघर्ष के मद्देनजर प्रदेश सरकार ने सूबे में हाईअलर्ट जारी किया है। इसी के दृष्टिगत शनिवार शाम एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह कैराना पहुंचे। जहां पर उन्होंने पुलिस व पीएसी बल के साथ में पैदल मार्च किया। एसपी के द्वारा कस्बे के मुख्य बाजारों, संवेदनशील स्थलों, भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों एवं प्रमुख मार्गों का भ्रमण किया गया।
इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों एवं गणमान्य व्यक्तियों से संवाद स्थापित करके होलिका दहन एवं होली पर्व को परंपरागत हर्षोल्लास, आपसी भाईचारे एवं सामाजिक सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। साथ ही, लोगों को किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने और सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित न करने के लिए आगाह किया।एसपी ने उपस्थित पुलिस बल को निर्देशित किया कि त्योहारों के दौरान सभी अधिकारी व कर्मचारी पूर्ण सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ में ड्यूटी का निर्वहन करें। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा आमजन के साथ विनम्र व्यवहार बनाए रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जनपद की शांति व्यवस्था को प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
पैदल मार्च के दौरान क्षेत्र में प्रभावी पुलिस उपस्थिति से आमजन में विश्वास एवं सुरक्षा का वातावरण परिलक्षित हुआ तथा स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस प्रशासन के प्रयासों की सराहना की गई। एसपी ने कहा कि पैदल मार्च का उद्देश्य जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना, आमजन में सुरक्षा की भावना उत्पन्न करना तथा त्योहारों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराना है। इस अवसर पर एएसपी सुमित शुक्ला, क्षेत्राधिकारी कैराना हेमन्त कुमार, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री, अपराध निरीक्षक योगेंद्र सिंह, एसएसआई अरुण कुमार, एसआई गौरव चौहान आदि मौजूद रहे। Kairana News
यह भी पढ़ें:– Haryana Bijli Bill: हरियाणा वालों के लिए बढ़िया खबर, 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली, ऑनलाइन आवेदन कर उठाएं लाभ















