Mumbai Crime News: नवी मुंबई में युवक पर जानलेवा हमला, फायरिंग के मामले में पुणे से 3 गिरफ्तार

नवी मुंबई में युवक पर फायरिंग कर हत्या की कोशिश, पुणे से 3 आरोपी गिरफ्तार

Published On

पुणे, एजेंसी। Mumbai Crime News: नवी मुंबई में एक युवक पर गोली चलाकर उसकी जान लेने की कोशिश की गई। इस मामले के सिलसिले में पुलिस ने पुणे से तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

दरअसल, नवी मुंबई के तलोचा में आर्थिक लेनदेन के विवाद में एक व्यक्ति पर पिस्तौल से फायरिंग कर उसे गंभीर रूप से घायल करने के मामले में तीन आरोपियों को पुणे से गिरफ्तार किया गया है। आंबेगांव पुलिस की जांच टीम ने दत्तनगर इलाके में जाल बिछाकर तीनों को पकड़ा।

पुलिस के अनुसार, यह घटना शुक्रवार की रात करीब 1.17 बजे तळोजा फेज-2 में शिवाजी चौक के पास मारवा बिल्डिंग के नीचे हुई। आर्थिक लेनदेन को लेकर हुए विवाद में आरोपियों ने शिकायतकर्ता के साथ मारपीट की और उस पर पिस्तौल से गोली चलाई। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपियों पर उसे जान से मारने की कोशिश करने का भी आरोप है।

इस मामले में तलोचा पुलिस स्टेशन में शनिवार को भारतीय न्याय संहिता, आर्म्स एक्ट और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं, मामले की जांच के दौरान आंबेगांव पुलिस स्टेशन के पुलिसकर्मी धनाजी धोत्रे और सचिन गाडे को सूचना मिली कि इस मामले में वांछित आरोपी पुणे के दत्तनगर इलाके में मौजूद हैं। इसके बाद जांच टीम ने मौके पर पहुंचकर जाल बिछाया और तीनों को हिरासत में ले लिया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान रुद्र दादासाहेब बारवकर (19), अनिकेत प्रताप नरवडे (19) और सौरभ गोरख चौधरी (24) के रूप में हुई है। बारवकर और चौधरी पुणे के कात्रज स्थित संतोषनगर के निवासी हैं, जबकि अनिकेत प्रताप नरवडे पुणे जिले के शिरूर तालुका के खंडाले गांव का रहने वाला है।

तीनों आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए नवी मुंबई पुलिस के हवाले कर दिया गया है। वहीं, मामले से संबंधित आगे की विधिवत कार्रवाई और जांच जारी है।

 

About The Author

Related Posts