मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने घोषणाओं को पहनाया अमली जामा

Ashok Gehlot
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत

करोडों रुपए के वित्तीय प्रस्ताव स्वीकृत | Ashok Gehlot

जयपुर। चूरू के सालासर में सीवर लाइन के कार्य करवाए जाएंगे। इसके लिए मुख्यमंत्री अशोक (Ashok Gehlot) गहलोत ने 30 करोड़ रुपए के वित्तीय प्रावधान को स्वीकृति दी है। यह राशि राजस्थान शहरी विकास कोष से वहन की जाएगी। प्रस्ताव के अनुसार, 12.93 करोड़ रुपए की लागत से सीवर लाइन तथा 1.42 करोड़ रुपए की लागत से 0.27 एमएलडी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट सहित विभिन्न कार्य किए जाएंगे। इससे सालासर में अपशिष्ट प्रबंधन संबंधी सुविधाएं विकसित होंगी तथा आमजन को सुगमता होगी।

डीग में संग्रहालय के लिए 4.21 करोड़ रुपए स्वीकृत

भरतपुर के डीग में संग्रहालय स्थापित किया जाएगा। इसके लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 4.21 करोड़ रुपए के वित्तीय प्रस्ताव का अनुमोदन किया है। प्रस्ताव के अनुसार, भरतपुर राजवंश के इतिहास को प्रदर्शित करती गैलेरी, महाराजा सूरजमल गैलेरी, आर्म्स गैलेरी, मूर्ति गैलेरी, उत्खनन गैलेरी, कला एवं संस्कृति गैलेरी, ब्रजमंडल गैलेरी, पेंटिंग गैलेरी सहित कुल 8 गैलेरी का निर्माण किया जाएगा।

साथ ही, डीग किला क्षेत्र में मुख्य द्वार से संग्रहालय भवन तक हाई मास्ट लाइट, सोलर लाइट, जल आपूर्ति संबंधी कार्य, पर्यटकों की सुविधा के लिए आवागमन तथा अन्य विकास कार्य भी करवाए जाएंगे। गहलोत के इस निर्णय से पर्यटकों को डीग किले के साथ-साथ भरतपुर के राजवंश, ब्रज की कला एवं संस्कृति, प्राचीनकाल के हथियारों सहित विभिन्न जानकारियां एक ही स्थान पर मिल सकेंगी।

जोधपुर में खुलेगी मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य यूनिट | Ashok Gehlot

जोधपुर के महात्मा गांधी चिकित्सालय में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य यूनिट, ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन एवं आधुनिक बर्न यूनिट की स्थापना की जाएगी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इसके लिए 28.12 करोड़ रुपए के वित्तीय प्रस्ताव को मंजूरी दी है। प्रस्ताव के अनुसार, 20.69 करोड़ रुपए की लागत से महात्मा गांधी चिकित्सालय में 150 बैड युक्त मातृ एवं शिशु केन्द्र संचालित होगा। साथ ही, 6.76 करोड़ रुपए की लागत से ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन की स्थापना तथा 67.71 लाख रुपए की लागत से आधुनिक बर्न यूनिट के लिए जरूरी उपकरणों का क्रय किया जाएगा।

पशु परिचर के 5934 पदों पर होगी सीधी भर्ती | Ashok Gehlot

पशुपालन विभाग में 5934 पदों पर पशु परिचर (एनिमल अटेंडेंट) की सीधी भर्ती की जाएगी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस संबंध में प्रस्ताव को मंजूरी दी है। प्रस्ताव के अनुसार, पशुपालन विभाग में प्रचलित पदनाम जलधारी, सफाईकर्ता एवं गडरिया के पदों का नाम अब पशु परिचर किया गया है। साथ ही, इनकी शैक्षणिक योग्यता 8वीं से बढ़ाकर 10वीं की गई है। वर्तमान में रिक्त गैर अनुसूचित क्षेत्र के 5281 तथा अनुसूचित क्षेत्र के 653 पदों सहित कुल 5934 पद सीधी भर्ती के माध्यम से भरे जाएंगे। मुख्यमंत्री के इस निर्णय से पशु चिकित्सा संस्थानों में पहुंचने वाले बीमार/घायल पशुओं को तुरंत प्राथमिक उपचार सुलभ हो सकेगा।

जोधपुर के मथुरादास माथुर चिकित्सालय में बनेगा कॉटेज वार्ड

जोधपुर के मथुरादास माथुर चिकित्सालय में ऑपरेशन थियेटर ब्लॉक (25 ओटी) तथा 100 बैड युक्त कॉटेज वार्ड ब्लॉक का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इसके लिए 93.27 करोड़ रुपए के वित्तीय प्रस्ताव को मंजूरी दी है। प्रस्ताव के अनुसार, ओटी ब्लॉक के निर्माण के लिए 42.32 करोड़ रुपए तथा उपकरणों के लिए 29.16 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है। साथ ही, 20.80 करोड़ रुपए की लागत से कॉटेज वार्ड ब्लॉक का निर्माण तथा इसके लिए 99 लाख रुपए के उपकरण क्रय किए जाएंगे। गहलोत के इस निर्णय से जोधपुर में चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार हो सकेगा तथा आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी।

यह भी पढ़ें:– Fake Currency Case: शाहिद कपूर की वेब सीरीज ‘फर्जी’ देख छापे नकली नोट