हमसे जुड़े

Follow us

33.4 C
Chandigarh
Thursday, April 16, 2026
More
    Home राज्य हरियाणा अभिभावक नाबाल...

    अभिभावक नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें और स्वयं भी यातायात नियमों का पालन कर समाज में सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत करें-एसडीएम शिवजीत भारती

    Naraingarh News
    SDM Shivjeet Bharti: एसडीएम शिवजीत भारती।

    यातायात नियमों की अवहेलना से होती है सडक़ दुर्घटनाएं

    नारायणगढ (सच कहूँ/सुरजीत कुराली)। Naraingarh News: एसडीएम शिवजीत भारती ने नागरिकों से यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने का अनुरोध करते हुए कहा है कि नियमों की अनदेखी के कारण छोटी-छोटी लापरवाहियां बड़े सडक़ हादसों का रूप ले लेती हैं, जिससे अनमोल जीवन की हानि होती है।

    एसडीएम ने कहा कि ऐसी शिकायतें आई है कि उपमंडल क्षेत्र में कुछ वाहन चालक लाल बत्ती का उल्लंघन करते हैं, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाते हैं, सीट बेल्ट का प्रयोग नहीं करते तथा तेज गति और गलत दिशा में वाहन चलाने जैसी लापरवाहियां करते हैं। इस प्रकार की गतिविधियां न केवल स्वयं के लिए, बल्कि अन्य राहगीरों और वाहन चालकों के लिए भी खतरा बनती हैं। उन्होंने कहा कि सफेद रंग की स्टॉप लाइन (पट्टी) सडक़ सुरक्षा का एक महत्वपूर्ण संकेत है। जिसका उदेश्य यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाये रखना है। कई बार वाहन चालक स्टॉप लाइन पार कर यानि सफेद पट्टी पार कर आगे तक वाहन खड़ा कर देते है। जिससे दुर्घटना होने की आशंका बढ जाती है।

    उन्होंने स्पष्ट किया कि मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस की टीमों द्वारा विशेष अभियान चलाकर चालान किए जाएंगे। साथ ही दुर्घटना संभावित स्थलों पर निगरानी बढ़ाई जाएगी, ताकि यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाया जा सके।

    जागरूकता पर भी रहेगा जोर | Naraingarh News

    एसडीएम ने बताया कि केवल चालान करना ही उद्देश्य नहीं है, बल्कि लोगों में जागरूकता पैदा करना भी प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर समय-समय पर ट्रैफिक पुलिस के सहयोग से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गये है तथा भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे, ताकि युवा पीढ़ी को यातायात नियमों की जानकारी हो और वे जिम्मेदार नागरिक बनें।

    एसडीएम शिवजीत भारती ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना हमारी सुरक्षा की पहली शर्त है। कुछ मिनट बचाने की जल्दबाजी जीवन भर का पछतावा बन सकती है। सभी वाहन चालक संयम और जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाएं तथा प्रशासन का सहयोग करें।

    उन्होंने अभिभावकों से विशेष अनुरोध करते हुए कहा कि वे नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें और स्वयं भी यातायात नियमों का पालन कर समाज में सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत करें। प्रशासन का उद्देश्य दंड देना नहीं, बल्कि सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात प्रणाली स्थापित करना है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।

    यह भी पढ़ें:– Fake Passport Case: फर्जी पासपोर्ट मामले में आरोपी को मिली यह सजा और जुर्माना भी