समाज मजबूत तो सेना और देश भी मजबूत : कर्नल रिपुदमन सिंह

श्रीगंगानगर (सच कहूँ न्यूज)। सैन्य छावनी साधुवाली के स्टेशन कमांडर जीओसी कर्नल रिपुदमनसिंह ने कहा है कि समाज अगर मजबूत होगा तो सेना और देश भी मजबूत रहेगा। कर्नल रिपुदमन सिंह आज सुखड़िया सर्किल के समीप एसडी बिहानी कॉलेज के ऑडिटोरियम में अव्वल सेना मोटर बाइक अभियान के समापन समारोह में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने भारतीय सेना के गौरवमयी इतिहास को रेखांकित करते हुए कहा कि देश की सेना कितनी भी बड़ी चुनौती हो, उसका डटकर सामना करने में सक्षम है। युवा पीढ़ी को इंगित करते हुए कर्नल सिंह ने कहा कि जड़ों का मजबूत होना सर्वोपरि है। जड़ मजबूत है तो पेड़ भी मजबूती से खड़ा रहेगा। भारतीय सेना की मजबूती तभी है जब समाज एकजुटता से मजबूत है। उन्होंने युवा पीढ़ी को देश की जड़ बताते हुए इसकी मजबूती पर बल दिया।

कार्यक्रम में उपस्थित बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और एनसीसी कैडेट्स से मुखातिब होते हुए कर्नल सिंह ने कहा कि वे देश को आजाद करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले महानुभावों के इतिहास को पढ़ें। ऐसे सैकड़ों अनाम लोग भी हैं जिन्होंने शहादत देकर भारत को आजादी दिलाई। इन से प्रेरणा लेकर भारतीय सेना में शामिल होने के लिए उन्होंने युवाओं को प्रेरित किया। सरकार द्वारा 13 से 15 अगस्त तक चलाए जा रहे तिरंगा अभियान को उन्होंने सभी वर्ग के लोगों से आत्मसात करने का आह्वान किया। भारतीय सेना में भर्ती के लिए केंद्र सरकार द्वारा लाई गई अग्निपथ और अग्निवीर योजनाओं को उन्होंने भारतीय सेना के लिए बहुत ही उपयोगी बताया। मेजर अंकित सिंह ने अग्निपथ तथा अग्निवीर योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि ज्यादा से ज्यादा युवाओं को इस योजनाओं के मार्फत भारतीय सेना में अपना कैरियर बनाना चाहिए। एडीएम डॉ. हरीतिमा ने भी उन महान लोगों तथा शहीदों को याद किया जिन्होंने देश की आजादी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। भारतीय सेना को उन्होंने हर क्षेत्र में दिए गए अभूतपूर्व योगदान के लिए सैल्यूट किया। विधायक राजकुमार गौड़ ने कहा कि भारतीय सेना देश की सीमाओं की ही बड़ी मुस्तैदी से सुरक्षा नहीं करती बल्कि देश के अंदर भी जब कभी भी जरूरत पड़ी अपना महत्वपूर्ण रोल निभाने में कामयाब रही है।

5 दिन में 864 किमी की यात्रा

जीओसी कर्नल रिपुदमन सिंह ने बताया कि आजादी का अमृत महोत्सव के उपलक्ष में तथा सेना की 16 रैपिड व 16 रैपिड सिग्नल कोर के स्थापना स्वर्ण जयंती वर्ष के तहत साधुवाली छावनी से 5 अगस्त को अव्वल मोटर बाइक अभियान यात्रा आरंभ हुई थी। इसमें 30 जवानों ने पंजाब के अबोहर, मलोट, फरीदकोट, फाजिल्का श्रीगंगानगर जिले में नग्गी वॉर मेमोरियल श्रीकरणपुर, गजसिंहपुर, रायसिंहनगर, अनूपगढ़, बीकानेर जिले में लूणकरनसर, महाजन और फिर सूरतगढ़ होते हुए इसका समापन आज श्रीगंगानगर में हुआ।

कर्नल सिंह ने बताया कि 5 दिनों में इन जवानों ने लगभग 864 किमी की यात्रा करते हुए सीमावर्ती क्षेत्र के 11 स्कूलों में विद्यार्थियों को तथा 8 गांवों के लोगों को अग्निपथ और अग्निवीर योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह यात्रा अभियान बहुत ही सफल रहा इसका नृत्य मेजर सुनील और मेजर थापा ने किया। हमें बताया कि सेना की अमोघ डिवीजन अपनी स्थापना का 50 वां वर्ष बड़े गौरव तथा उल्लास के साथ मना रही है।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।