Gyanesh Kumar Latest News: दिल्ली में हाई अलर्ट, सुरक्षा के कड़े इंतजाम; कई रास्तों पर पाबंदियां

45 मेट्रो स्टेशन बंद, कई इलाके छावनी में तब्दील

Published On

Delhi Security Alert: नई दिल्ली (सच कहूँ/एजेंसी)। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। राजधानी के संवेदनशील इलाकों में दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात किए गए हैं। प्रशासन की ओर से कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

प्रदर्शन से पहले नई दिल्ली और मध्य दिल्ली के कई हिस्सों में सुरक्षा बढ़ाई गई है। जंतर-मंतर की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई है। मंडी हाउस से जंतर-मंतर की तरफ जाने वाले रास्ते पर वाहनों की जांच की जा रही है। फिरोज शाह रोड और जनपथ गोल चक्कर के आसपास भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

ज्ञानेश कुमार के आवास की सुरक्षा बढ़ाई

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के दिल्ली स्थित आवास के बाहर भी सुरक्षा इंतजाम मजबूत किए गए हैं। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों को सतर्क रखा गया है। प्रदर्शन के चलते दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित होने की संभावना जताई गई है।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों को सलाह दी है कि नई दिल्ली और मध्य दिल्ली से रेलवे स्टेशन, अंतरराज्यीय बस अड्डों या हवाई अड्डे की ओर जाने वाले लोग अतिरिक्त समय लेकर निकलें। जरूरत के अनुसार यातायात मार्गों में बदलाव भी लागू किए जा सकते हैं। रिपोर्ट में दी गई जानकारी के अनुसार, राजधानी के कई मेट्रो स्टेशन बंद रखने और कुछ ट्रेनों के रद्द होने की भी बात सामने आई है। यात्रियों को यात्रा से पहले संबंधित मेट्रो और रेलवे की आधिकारिक सूचनाएं जांचने की सलाह दी जाती है।

दिल्ली की सीमाओं पर भी निगरानी

दिल्ली-नोएडा सीमा पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ बैरिकेडिंग और वाहनों की जांच की जा रही है। दिल्ली-गाजियाबाद के बीच लोनी गोल चक्कर पर भी सुरक्षा बढ़ाई गई है। वहीं, टिकरी बॉर्डर पर वाहनों की आवाजाही सामान्य रहने की जानकारी दी गई है, हालांकि वहां सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। लोगों को सलाह दी गई है कि घर से निकलने से पहले यातायात संबंधी ताजा अपडेट देख लें और प्रभावित मार्गों के बजाय वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।

About The Author

Related Posts