Pali News: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का उद्यमियों से आह्वान, स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्योगों को दें बढ़ावा
पाली में लघु उद्योग भारती का उद्यमी सम्मेलन आयोजित, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कार्यक्रम में शिरकत की।
CM Bhajanlal Sharma: पाली (सच कहूँ)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पाली में लघु उद्योग भारती द्वारा आयोजित उद्यमी सम्मेलन में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने राजस्थान के छोटे उद्यमियों, कारीगरों और व्यापारियों को स्थानीय संसाधनों और कृषि उत्पादों पर आधारित उद्योग स्थापित करने के लिए आगे आने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में मेक इन इंडिया, वोकल फॉर लोकल और आत्मनिर्भर भारत जैसे अभियानों ने देश के छोटे उद्यमियों, कारीगरों और व्यापारियों को नई ऊर्जा दी है। इन पहलों से स्थानीय स्तर पर तैयार होने वाले उत्पादों को नए बाजार मिले हैं और कई उत्पाद अब वैश्विक बाजारों तक पहुंच रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राजस्थान में स्थानीय संसाधनों और कृषि उत्पादों की पर्याप्त उपलब्धता है। ऐसे में इन संसाधनों पर आधारित फूड प्रोसेसिंग और अन्य प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने की दिशा में छोटे उद्यमियों को आगे आना चाहिए। इससे स्थानीय उत्पादों में वैल्यू एडिशन के साथ रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है।
मुख्यमंत्री ने उद्यमियों से राजस्थान की स्थानीय क्षमता और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए नए उद्योग और व्यवसाय विकसित करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में सांसद मदन राठौड़, पी.पी. चौधरी, लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रकाशचन्द्र गुप्ता सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी और बड़ी संख्या में उद्यमी उपस्थित रहे।
