लोन दिलाने का झांसा देकर 61,800 रुपये ठगे, साइबर सेल ने कराए वापिस
पीड़ित ने एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार व साइबर टीम का जताया आभार
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: कोतवाली में कार्यरत साइबर सेल की टीम ने लोन दिलाने का झांसा देकर बैंक खाते से ऑनलाइन ठगी करके निकाली गई 61,800 रुपये की शत-प्रतिशत धनराशि वापस कराई है। कैराना कस्बे के मोहल्ला दरबारखुर्द निवासी तस्लीम ने कैराना स्थित साइबर हेल्प डेस्क पर शिकायत दर्ज कराई थी। बताया था कि अज्ञात व्यक्ति ने लोन दिलाने का झांसा देकर उसके बैंक खाते से 61,800 रुपये ऑनलाइन ठग लिए थे। एसपी शामली ने कोतवाली पर कार्यरत साइबर टीम को युवक के खाते से निकाली गई राशि वापिस कराने के निर्देश दिए थे।
इसी क्रम में एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशानुसार साइबर सेल की टीम ने रविवार को मामले में तत्परता से कार्यवाही करते हुए सम्बंधित बैंकों से पत्राचार व आवश्यक समन्वय स्थापित करके पीड़ित तस्लीम से ठगी गई शत-प्रतिशत राशि 61,800 रुपये वापिस करा दी। वहीं, पीड़ित युवक ने एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार, अपराध निरीक्षक राजेश सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अखिल चौधरी, कम्प्यूटर ग्रेड-बी अनिल कुमार, कांस्टेबल मानवेन्द्र प्रताप सिंह तथा समस्त साइबल सेल टीम का आभार व्यक्त किया है।
धोखाधड़ी से बचने को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील
जनपद शामली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के कहने पर धनराशि स्थानांतरित न करें। किसी भी संदिग्ध लिंक, मोबाइल कॉल, व्हाट्सएप संदेश अथवा सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त निवेश, लॉटरी, केवाईसी अपडेट, ऋण, पार्ट-टाइम जॉब अथवा अन्य आकर्षक ऑफर के झांसे में न आएं। साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही, निकटतम पुलिस थाना अथवा साइबर हेल्पडेस्क से संपर्क करें।