Lok Adalat: विशेष लोक अदालत में 60 मामलों का आपसी सहमति से निपटारा
विशेष लोक अदालत में 60 मामलों का आपसी सहमति से निपटारा
फतेहाबाद (सच कहूं न्यूज)। Fatehabad News: हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, पंचकूला के सदस्य सचिव के दिशा-निदेर्शों तथा जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दीपक अग्रवाल के आदेशानुसार चेक बाउंस मामलों के त्वरित समाधान के लिए फतेहाबाद, रतिया और टोहाना के न्यायिक परिसरों में विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया।
इस विशेष लोक अदालत में विभिन्न अदालतों में लंबित कुल 405 मामले रखे गए, जिनमें से 60 मामलों का दोनों पक्षों की आपसी सहमति से समाधान किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी डॉ. सुयशा जावा ने जानकारी देते हुए बताया कि एनआई एक्ट की धारा 138 के तहत लंबित मुकदमों और उनसे जुड़ी अपीलों को इस अदालत में शामिल किया गया था। दोनों पक्षों ने उपस्थित होकर सौहार्दपूर्ण वातावरण में अपने विवादों का निपटारा किया। विशेष लोक अदालत के सफल आयोजन के लिए फतेहाबाद न्यायालय परिसर का निरीक्षण भी किया गया। उपमंडल स्तर पर रतिया और टोहाना स्थित न्यायिक परिसरों में भी इस विशेष लोक अदालत का सफल संचालन हुआ।