Hansi Barwala Road Accident: हांसी के राजकीय कॉलेज के पास भयंकर हादसा, 25 घायल; 4 गंभीर

18 हिसार रेफर, बस-डंपर की टक्कर से हुआ हादसा

Published On

Hansi Barwala Road Accident: हांसी, (सच कहूँ/मुकेश)।  हरियाणा के हांसी जिले में बरवाला रोड पर राजकीय महाविद्यालय के पास रविवार को एक निजी बस और बजरी से भरे डंपर की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बस में सवार करीब 25 यात्रियों को चोटें आईं। घायलों को एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से सामान्य अस्पताल हांसी पहुंचाया गया। इनमें से 13 घायलों को नागरिक अस्पताल हिसार रेफर किया गया, जबकि पांच अन्य घायलों को घटनास्थल से ही सीधे हिसार ले जाया गया। एक घायल को हांसी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे में अभी तक किसी की मौत नहीं हुई है।

जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब हांसी से बरवाला की तरफ से आ रही निजी बस एचआर-39सी-8351 राजकीय महाविद्यालय को पार करने के बाद बने शार्प मोड़ पर पहुंची। इसी दौरान सामने से आ रहे बजरी से भरे डंपर एचआर-39एफ-9887 से बस की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस और डंपर के अगले हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए और बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

प्रारंभिक तौर पर हादसे के पीछे तेज रफ्तार के साथ मोड़ पर कम दृश्यता को भी वजह माना जा रहा है। हादसे वाली जगह पर सड़क के किनारे लगे पेड़ों के कारण सामने से आने वाला वाहन मोड़ पर पहुंचने से पहले साफ दिखाई नहीं देता। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की पुलिस जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार हिसार रेफर किए गए घायलों में बस चालक अशोक निवासी खेदड़, बस कंडक्टर अंकुश निवासी चानौत, डंपर चालक प्रदीप निवासी छपार और यात्री बबली देवी निवासी सुलखनी शामिल हैं। इन चारों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पांच घायलों को घटनास्थल से सीधे नागरिक अस्पताल हिसार ले जाया गया, जबकि एक घायल को मलिक अस्पताल हांसी में भर्ती कराया गया।

इसके अलावा 11-12 लोगों को मामूली चोटें आई थीं। सामान्य अस्पताल हांसी में प्राथमिक उपचार और दवाई देने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

About The Author

Related Posts