Women Hockey News: महिला हॉकी विश्व कप के लिए टीम इंडिया का ऐलान, सलीमा टेटे होंगी कप्तान
15 से 30 अगस्त के बीच होना है विश्व कप का आयोजन
FIH Women's Hockey World Cup: नई दिल्ली। हॉकी इंडिया ने एफआईएच महिला विश्व कप 2026 के लिए भारत की 20 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। टीम की कमान सलीमा टेटे के हाथों में सौंपी गई है। भारतीय महिला हॉकी टीम के हेड कोच स्योर्ड मारिजने ने चुनी गई टीम को बेहद संतुलित बताया है। विश्व कप का आयोजन 15 से 30 अगस्त के बीच होना है। टूर्नामेंट की मेजबानी नीदरलैंड और बेल्जियम मिलकर करेंगे। Women Hockey News
बेंगलुरु में नेशनल कैंप में ट्रेनिंग कर रही इस टीम में अनुभवी खिलाड़ियों और होनहार युवा खिलाड़ियों का मिश्रण है। इन युवा खिलाड़ियों ने हाल के इंटरनेशनल टूर्नामेंट्स में सभी को प्रभावित किया है, खासकर पिछले महीने न्यूजीलैंड में हुए एफआईएच नेशंस कप में टीम का प्रदर्शन दमदार रहा था और भारत ने बिना कोई मैच हारे खिताब पर कब्जा जमाया था।
टीम में सविता और बिचू देवी खारीबम को गोलकीपर के तौर पर शामिल किया गया है, जबकि डिफेंस यूनिट में इशिका चौधरी, सुशीला चानू पुखरामबम, लालथंतलुंगी, ज्योति और शिल्पी डबास शामिल हैं। मिडफील्ड में कप्तान सलीमा के साथ निक्की प्रधान, साक्षी राणा, सुनेलिता टोप्पो, नेहा और दीपिका सोरेंग को रखा गया है। वहीं, फॉरवर्ड लाइन में लालरेम्सियामी, रुतुजा दादासो पिसल, नवनीत कौर, दीपिका, इशिका, बलजीत कौर और ब्यूटी डुंगडुंग को जगह दी गई है। Women Hockey News
विश्व कप के लिए चुनी गई टीम को लेकर बातचीत करते हुए कोच मारिजाने ने कहा, "हमने खिलाड़ियों का एक संतुलित ग्रुप चुना है जो इस गर्मी में आने वाली बड़ी चुनौतियों के लिए तैयार है। टीम ने टूर्नामेंट से पहले कड़ी मेहनत की है और हमें इस ग्रुप की काबिलियत पर भरोसा है। हम दुनिया की बेहतरीन टीमों के खिलाफ खेलने और सबसे बड़े मंच पर शानदार प्रदर्शन करने के लिए उत्साहित हैं।"
भारतीय टीम को चीन, इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका के साथ पूल डी में रखा गया है। टीम अपने सभी पूल-स्टेज मैच नीदरलैंड के एमस्टेलवीन में वागेनर हॉकी स्टेडियम में खेलेगी। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 16 अगस्त को चीन के खिलाफ करेगी, इसके बाद 18 अगस्त को साउथ अफ्रीका और 20 अगस्त को इंग्लैंड के खिलाफ मैच खेलेगी। Women Hockey News
एफआईएच हॉकी महिला विश्व कप 2026 के लिए भारत की 20 सदस्यीय टीम:
- गोलकीपर: सविता, बिचू देवी खारीबम
- डिफेंडर: इशिका चौधरी, सुशीला चानू पुखरामबम, लालथंतलुंगी, ज्योति, शिल्पी डबास
- मिडफील्डर: निक्की प्रधान, साक्षी राणा, सुनेलिता टोप्पो, सलीमा टेटे (कप्तान), नेहा, दीपिका सोरेंग
- फॉरवर्ड: लालरेम्सियामी, रुतुजा दादासो पिसल, नवनीत कौर, दीपिका, इशिका, बलजीत कौर, ब्यूटी डुंगडुंग