हमसे जुड़े

Follow us

29.6 C
Chandigarh
Wednesday, April 15, 2026
More
    Home राज्य हरियाणा हड़कंप : सरसा ...

    हड़कंप : सरसा में एक साथ मिले तीन कोरोना संक्रमित

    Coronavirus in Sirsa

    दो आए बाहर से तो एक सांस का मरीज

    सरसा(सच कहूँ/सुनील वर्मा)। सरसा जिला में वीरवार को एक साथ तीन लोगों के कोरोना संक्रमित मिलने से प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। इनमें एक व्यक्ति गांव फतेहपुरिया से, एक पनिहारी व एक गांव रोहिड़ांवाली से है। दो व्यक्ति बाहर से आए हैं तो वहीं एक बुजुर्ग सांस का मरीज है, जिसका उपचार चल रहा था। इससे पहले बणी व डबवाली में संक्रमित मिले थे। सीएमओ डॉ. सुरेंद्र नैन ने तीनों केसों की पुष्टि की है। आनन-फानन में प्रशासनिक व स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंची।

    जानकारी अनुसार गांव फतेहपुरिया निवासी 80 वर्षीय बुजुर्ग, जोकि सांस का मरीज है, का पिछले एक माह से शहर के एक निजी अस्पताल से उपचार चल रहा था। बीती 27 मई को सांस की दिक्कत ज्यादा होने के कारण उसके सैंपल लिए गए थे, जिसमें रात को आई उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई। व्यक्ति कुछ दिनों से शहर के एक निजी अस्पताल में दाखिल था। रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने पर अस्पताल स्टाफ भी दहशत में है। चिकित्सा विभाग की टीम ने अस्पताल स्टाफ के भी सैंपल जांच के लिए भेजे हैं, ताकि संक्रमण का समय रहते पता लगाया जा सके।

    परिवार के तीन अन्य सदस्यों को भी आइसोलेट कर दिया

    वहीं गांव रोहिड़ांवाली निवासी व्यक्ति एसपीओ (पुलिस विभाग) में है और उसकी गुडगांव में ड्यूटी थी। बीती 20 मई को वह गुडगांव से आया था। दो दिन पूर्व उसके सैंपल लिए गए थे, जिसकी रिपोर्ट भी रात को पॉजीटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एहतियातन पुलिस कर्मचारी के परिवार के 6 लोगों को भी आइसोलेट कर दिया है और उनके सैंपल जांच के लिए लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं तीसरा व्यक्ति गांव पनिहारी का है, जोकि पुणे में आईटी प्रोफेशनल है। बीती 22 मई को वह पनिहारी लौटा था। बीते दिवस विभाग की ओर से उसके सैंपल लिए गए थे, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

    रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसके परिवार के तीन अन्य सदस्यों को भी आइसोलेट कर दिया है। वहीं घरों के आसपास के क्षेत्र को सील कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें स्क्रीनिंग के लिए गांवों में पहुंच चुकी हैं। उल्लेखनीय है कि अब तक सरसा जिले में कुल 14 कोरोना संक्रमित मरीज मिल चुके हंै, जिनमें से 9 लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं, जबकि 5 केस अभी एक्टिव हैं। अब तक जिले से कुल 1908 लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं, जिनमें से 1705 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है, जबकि 178 लोगों की रिपोर्ट आना अभी बाकी है।

    जिले में अलग-अलग स्थानों पर तीन लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। तीनों के पारिवारिक सदस्यों को भी आइसोलेट किया गया है। आवागमन में दी गई छूट के कारण मामले बढ़ रहे हैं। आने वाले दिनों में स्थिति गंभीर हो सकती है। इसलिए एक-दूसरे से दूरी बनाकर रखें। मास्क का प्रयोग करें और जरूरी काम हो तभी घर से बाहर निकलें।
                                                                                           – डॉ. सुरेंद्र नैन सीएमओ सरसा।

     

    अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।