हमसे जुड़े

Follow us

30.5 C
Chandigarh
Wednesday, April 22, 2026
More
    Home देश  राहुल गांधी ...

     राहुल गांधी की पीलीबंगा और पदमपुर में आज किसान सभाएं

    Rahul-Gandhi-Farmer-Meetings

    किसानों की सरजमीं से केंद्र सरकार पर निशाना साधेंगे राहुल गांधी

    श्रीगंगानगर (सच कहूँ न्यूज)। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव राहुल गांधी किसानों की सरजमीं हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिलों में कल शुक्रवार को सभाओं को संबोधित करते हुए तीन नए कृषि कानूनों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधेंगे। राहुल गांधी के साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित कई कांग्रेस नेता इन सभाओं को संबोधित करने के लिए आ रहे हैं। यह दोनों कृषि सिरमौर जिले हैं। पूरा इलाका किसान और किसानी पर आधारित है। यह किसान आंदोलनों की धरती है। यहीं से राहुल गांधी केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को नए कृषि कानूनों के हो रहे विरोध को लेकर घेरेंगे और निशाने पर लेंगे। हनुमानगढ़ जिले में पीलीबंगा और श्रीगंगानगर जिले में पदमपुर में किसान सभाओं का आयोजन किया गया है।

     मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित कई कांग्रेस नेता भी आएंगे

    इन सभाओं को बेशक किसानों की सभाओं के रूप में प्रचारित किया जा रहा है, लेकिन इनमें अधिकांश भीड़ कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की ही रहने की संभावना है। इस क्षेत्र में किसानों के सबसे बड़े संगठन ग्रामीण मजदूर किसान समिति (जीकेएस) विरोध का एलान कर प्रदेश की कांग्रेस सरकार को मुश्किल में डाल दिया है। जीकेएस ने कहा है कि अगर राहुल गांधी ने इलाके के किसानों की स्थानीय मांगों और समस्याओं को लेकर अगर किसानों के बीच आकर बातचीत नहीं करते तो उनका विरोध तो किया जाएगा।

    काले झंडे दिखाए जाएंगे। प्राप्त जानकारी के अनुसार राहुल गांधी और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कल शुक्रवार सुबह हवाई जहाज से श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ में वायु सेना के एयरबेस स्टेशन पर पहुंचेंगे।वहां से सड़क मार्ग द्वारा पीलीबंगा की अनाज मंडी में आयोजित सभा को संबोधित करने जाएंगे। दोपहर करीब 11 बजे यह सभा आरंभ होगी। तत्पश्चात सड़क मार्ग से पदमपुर पहुंचेंगे,जहां दोपहर 2 बजे सभा का आयोजन रखा गया है।

    रास्ते में राहुल गांधी का गोलूवाला सहित कुछ गांव में स्वागत के कार्यक्रम भी रखे गए हैं। इस बीच सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पीलीबंगा से पदमपुर हेलीकॉप्टर से भी जा सकते हैं। पदमपुर में नई अनाज मंडी के समीप ही हेलीपैड भी तैयार किया गया है। दोनों किसान सभाओं के लिए कांग्रेसी नेताओं ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।इन सभाओं में अधिक से अधिक भीड़ जुटाने के लिए दोनों जिलों के कांग्रेस नेता सरगर्म हो चुकी हैं। जिला प्रशासन ने की सुरक्षा व्यवस्था की तमाम तैयारियां कर ली हैं। इसे लेकर लगातार प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों की बैठकें हो रही हैं। चूरू और बीकानेर से अतिरिक्त सुरक्षा बल मंगवाए गए हैं।

    श्रीगंगानगर में रहेगा रात्रि विश्राम

    पदमपुर की सभा के पश्चात राहुल गांधी और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत श्रीगंगानगर आएंगे। रात्रि को सूरतगढ़ मार्ग नेशनल हाईवे 62 पर एक रिजॉर्ट्स में विश्राम करेंगे।सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी मुख्यमंत्री गहलोत शाम 6 बजे तक इस रिजॉर्ट्स में पहुंच जाएंगे। देर शाम लगभग 7 बजे कोई आॅनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग है, जिस में भी राहुल गांधी शामिल होंगे। इसके लिए रिजॉर्ट्स में वीडियोकांफ्रेसिंग का सिस्टम सेटअप किया गया है। परसों शनिवार सुबह सड़क मार्ग से सूरतगढ़ रेलवे स्टेशन पर जाकर राहुल गांधी और अशोक गहलोत हवाई जहाज से नागौर वाया अजमेर जाएंगे।

    अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।