
Indian Air Force Exercise: सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में बुधवार को भारतीय वायुसेना ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर बने एयरस्ट्रिप पर व्यापक युद्धाभ्यास और एयर शो का आयोजन किया। यह अभ्यास आपातकालीन परिस्थितियों में राष्ट्रीय राजमार्गों को वैकल्पिक रनवे के रूप में इस्तेमाल करने की क्षमता को परखने के उद्देश्य से किया जा रहा है। सुलतानपुर के अरवलकीरी करवत गांव के पास स्थित 3.2 किलोमीटर लंबी एयरस्ट्रिप पर दो दिवसीय इस अभ्यास की शुरुआत हुई। अभ्यास में वायुसेना के अत्याधुनिक लड़ाकू और परिवहन विमानों ने हिस्सा लिया, जिनमें सुखोई-30 एमकेआई, मिराज-2000, जगुआर और तेजस जैसे फाइटर जेट शामिल रहे। Sultanpur News
इसके अलावा सी-295 और एएन-32 परिवहन विमानों ने भी रनवे पर सफल लैंडिंग और टेकऑफ कर अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। अभ्यास के दौरान ‘टच एंड गो’ ऑपरेशन, दिन और रात में लैंडिंग-टेकऑफ, तथा कमांडो द्वारा स्लिथरिंग ऑपरेशन का प्रदर्शन किया गया। हेलीकॉप्टर के जरिए आपदा राहत और सैन्य कार्रवाई से जुड़े ऑपरेशन का भी अभ्यास किया गया।
जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि अभ्यास के मद्देनजर एयरस्ट्रिप के आसपास 4 से 5 किलोमीटर के दायरे में कड़ी सुरक्षा तैनात की गई है। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के करीब 12 किलोमीटर हिस्से को सील कर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है। आम लोगों से सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की गई है। एयर शो के दौरान मिराज लड़ाकू विमानों ने सामूहिक उड़ान भरकर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया।
बता दें कि इससे पहले जून 2023 में भी इसी एयरस्ट्रिप पर वायुसेना का अभ्यास किया गया था। वहीं, 16 नवंबर 2021 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया था और भारतीय वायुसेना के हरक्युलिस विमान से इसी एयरस्ट्रिप पर उतरकर इसकी उपयोगिता को प्रदर्शित किया था। Sultanpur News














