हमसे जुड़े

Follow us

33.4 C
Chandigarh
Tuesday, April 21, 2026
More
    Home राज्य हरियाणा खेतों में मिल...

    खेतों में मिला नरकंकाल, मचा हड़कंप

    Male skeleton found in the fields, stirred up

    पहचान के लिए शव गृह में रखवाया

    गुरुग्राम (सच कहूँ न्यूज)। जिले के खंड फर्रूखनगर के गांव खेड़ा खुर्रमपुर व याकुबपुर के बीच सड़क के साथ लगते खेतों में नरकंकाल मिलने से हड़कंप मच गया। जैसे ही इसकी सूचना ग्रामीणों को मिली, सैकड़ों की संख्या में लोग वहां पहुंच गए। साथ ही पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई। पुलिस ने नगर पालिका कर्मचारियों की मदद से कंकाल को शव गृह में पहचान के लिए रखवा दिया।

    जानकारी के अनुसार किसान राजबीर सिंह रविवार को अपने खेतों की ट्रैक्टर से जुताई कर रहा था। जैसे ही खेत के बीच में पहुंचा तो वहां एक व्यक्ति का कंकाल पड़ा दिखाई दिया। उसमें से बदबू आ रही थी। इसी बीच उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने नगर पालिका कर्मचारियों को भी बुलाया। कोरोना को देखते हुए कर्मचारी पीपीई किट पहनकर पहुंचे और पुलिस के मार्गदर्शन में कंकाल के आसपास के क्षेत्र को खंगाला, लेकिन मौके पर कुछ ऐसा सबूत नहीं मिला जिससे कि पता लग सके वह किसका कंकाल है। उसकी हत्या हुई है या फिर कोई और कारण है।

    देखने से ऐसे लग रहा था कि करीब 15 दिन पहले से ही वह यहां पड़ा है। मृतक व्यक्ति के शव को जंगली जानवरों ने नोंच-नोंच कर कंकाल बना दिया। जिससे उसकी पहचान करना संभव नहीं है। जांच अधिकारी थानेदार श्याम लाल ने रविवार को बताया कि शव के पास ऐसे कोई पुख्ता सबूत नहीं मिले, जिससे नर कंकाल की पहचान हो सके। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। क्षेत्र से गायब लोगों का रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है, ताकि परिजनों को सूचना देकर कंकाल की पहचान कराई जा सके।

    अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।