हमसे जुड़े

Follow us

9.4 C
Chandigarh
Monday, January 26, 2026
More
    Home देश गुर्जर नेता क...

    गुर्जर नेता कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला का निधन

    जयपुर (सच कहूँ न्यूज)। राजस्थान में गुर्जर नेता कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला का आज यहां निधन हो गया। वह करीब 82 वर्ष के थे। श्री बैंसला पिछले काफी समय से बीमार चल रहे थे। उन्होंने सुबह मणिपाल अस्पताल में अंतिम सांस ली। उन्होंने राजस्थान में गुर्जर आरक्षण को लेकर लंबी लड़ाई लड़ी और गुर्जर आंदोलन के बड़े नेता थे। गुजरों को आरक्षण की मांग को लेकर कर्नल बैंसला के नेतृत्व में हुए गुर्जर आंदोलन में करीब 70 लोगों की जान गई थी। कर्नल बैंसला ने राजस्थान में गुर्जरों के लिए विशेष अन्य पिछड़ा वर्ग के तहत गुर्जरों को सरकारी नौकरियों में पांच प्रतिशत आरक्षण दिलाया। आंदोलन के कारण गुर्जरों को ओबीसी से एमबीसी में शामिल किया गया।

    उनके निधन पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा सतीश पूनियां, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित कई नेताओं ने दुख जताया।

    गहलोत ने जताया दुख

    गहलोत ने सोशल मीडिया के जरिए कहा कि कर्नल बैसला के निधन का समाचार बेहद दुखद है। गुर्जर आरक्षण आंदोलन के मुखिया के रूप में बैंसला साहब ने एमबीसी वर्ग के आरक्षण के लिए लंबा संघर्ष किया। एमबीसी वर्ग को आज आरक्षण मिल पाया तो अगर किसी एक व्यक्ति को श्रेय जाता है तो वह कर्नल बैसला ही हैं। उन्होंने कहा कि सेना में रहते हुए देश सेवा एवं गुर्जर समाज के लिए उनका योगदान अविस्मरणीय रहेगा। समाज के मुद्दों को लेकर अनेक बार उनसे चर्चा होती रही। मेरे प्रति उनका स्नेह हमेशा बना रहा।

    बिड़ला ने जताया दुख

    बिड़ला ने ट्वीट कर कहा कि सामाजिक आंदोलन के प्रखर नेतृत्वकर्ता कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला के निधन पर शोक व्यक्त करता हूँ। सामाजिक अधिकारों के लिए उन्होंने आजीवन संघर्ष किया। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें परिजनों व प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।

    डा पूनिया ने कर्नल बैंसला के बेटे विजय बैंसला से फोन पर बात कर गहरा दुःख व्यक्त किया और उन्हें ढांढस बंधाया। डॉ. पूनियां ने कहा कि कर्नल बैंसला का समाज और प्रदेश में किसानों व युवाओं को जागरूक करने में महत्वपूर्ण योगदान था, उनका निधन प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है।

    श्रीमती राजे ने दुख जताया

    श्रीमती राजे ने दुख जताते हुए कहा कि कर्नल बैंसला के निधन का समाचार सुन अत्यंत दु:ख हुआ। उन्होंने आजीवन समाज की भावनाओं को आवाज दी। उनका निधन मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान देने व परिजनों को धैर्य प्रदान करने की कामना की। उन्होंने कहा कि कर्नल साहब ने सदैव समाज के लिए संघर्ष किया तथा समाज हित के मुद्दों को आगे बढ़ाने में अपनी अहम भूमिका निभाई थी। जनसेवा एवं राजनीति के क्षेत्र में दिए गए उनके अमूल्य योगदान को सदैव याद किया जाएगा। डोटासरा ने कर्नल बैंसला के निधन पर शोक प्रकट किया और उनके परिवार एवं प्रशंसकों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की।

    उन्होंने कहा कि राष्ट्र समर्पित सेवा, सामाजिक न्याय के लिए संघर्ष एवं जनसेवा में कर्नल बैंसला का अविस्मरणीय योगदान रहा है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने कहा कि कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ है, ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति एवं परिवारजनों को यह आघात सहने की शक्ति प्रदान करें। कर्नल बैंसला के निधन पर राज्य के चिकित्सा मंत्री परसादी लाल मीणा, केन्द्रीय जल मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत एवं केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी, उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र सिंह राठौड़, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट तथा अन्य कई जने गहरा शोक जताया है।

    अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here