ईद-उल-फितर नजदीक आते ही बाजारों में बढ़ी रौनक, खरीदारी को उमड़ रही भीड़

Sach Kahoon Desk Picture
Published On

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: रमज़ान-उल-मुबारक अब अपने अंतिम चरण में है। ईद-उल-फितर का त्योहार नजदीक आते ही कैराना कस्बे के बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई है। सुबह से लेकर देर रात तक बाजारों में खरीदारी करने वालों की भीड़ उमड़ रही है, जिससे पूरे बाजार क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल दिखाई दे रहा है। ईद की तैयारियों के मद्देनजर मुस्लिम परिवार अपने परिजनों के साथ बाजारों में खरीदारी करने पहुंच रहे हैं। रेडीमेड कपड़ों, जूते-चप्पल, टेलर व ड्राईफ्रूट की दुकानों पर ग्राहकों की भारी भीड़ देखी जा रही है। लोग अपने तथा बच्चों के लिए नए कपड़े खरीद रहे हैं, जबकि टेलरों के यहां कपड़े सिलवाने वालों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। महिलाएं भी ईद की तैयारियों में बढ़-चढ़कर भाग ले रही हैं। Kairana News

वह घर की आवश्यक वस्तुओं, कपड़ों, कॉस्मेटिक उत्पादों और अन्य सामान की खरीदारी कर रही हैं। इसके अलावा, मिठाइयों और ड्राईफ्रूट की दुकानों पर भी अच्छी खासी भीड़ देखी जा रही है, जहां लोग ईद के अवसर पर मेहमानों के स्वागत के लिए सामग्री खरीद रहे हैं। दुकानदारों के अनुसार ईद नजदीक आते ही बाजारों में ग्राहकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। खासकर शाम होते ही बाजारों में भीड़ और बढ़ जाती है, जिससे देर रात तक रौनक बनी रहती है। बढ़ती भीड़ को देखते हुए व्यापारी भी ग्राहकों की सुविधा के लिए अतिरिक्त व्यवस्थाएं करने में लगे हुए हैं। उधर, बढ़ती भीड़ के मद्देनजर पुलिस-प्रशासन भी सतर्क हो गया है। शहर के प्रमुख बाजारों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए कुछ स्थानों पर ई-रिक्शा के आवागमन पर भी अस्थायी रूप से रोक लगाई गई है। बाजारों में बढ़ती चहल-पहल और खरीदारी के इस माहौल से पूरे कस्बे में ईद-उल-फितर के त्योहार का उत्साह साफ तौर पर महसूस किया जा रहा है। लोग इस पर्व के स्वागत की तैयारियों में जुटे हुए हैं। Kairana News

यह भी पढ़ें:– जुमे की नमाज के दृष्टिगत कैराना पहुंचे डीएम-एसपी, पैदल भ्रमण किया

About The Author

Related Posts